मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर
अजमेर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के आगामी 2 जुलाई को अजमेर जिले के दौरे पर आने की संभावना जताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री केकड़ी विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत अजगरा में प्रदेशभर में लागू होने वाली ‘वीबीरामजी योजना’ का शुभारंभ कर सकते हैं। इसके साथ ही देवली- केकड़ी- नसीराबाद फोरलेन सड़क परियोजना का शिलान्यास तथा जिले के विभिन्न विकास कार्यों का ऑनलाइन लोकार्पण भी प्रस्तावित कार्यक्रम में शामिल बताया जा रहा है।
मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं और संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जा रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था, कार्यक्रम स्थल की तैयारियों तथा अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी अधिकारियों की सक्रियता बढ़ गई है।
इधर, केकड़ी विधायक शत्रुघ्न गौतम भी प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर लगातार सक्रिय हैं। बताया जा रहा है कि विधायक के प्रयास हैं कि इस अवसर पर केकड़ी विधानसभा क्षेत्र से जुड़े अधिक से अधिक विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास मुख्यमंत्री के हाथों कराया जाए। साथ ही क्षेत्र के विकास से संबंधित नई घोषणाएं भी मुख्यमंत्री से करवाने का प्रयास किया जा रहा है।
हालांकि मुख्यमंत्री के इस प्रस्तावित दौरे का अंतिम एवं आधिकारिक कार्यक्रम अभी जारी नहीं हुआ है। कार्यक्रम की आधिकारिक पुष्टि होने के बाद ही समय, स्थान और शामिल होने वाले विकास कार्यों का अंतिम स्वरूप स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल संभावित दौरे को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं।