पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय नसीराबाद का संकुल स्तरीय राष्ट्रीय एकता पर्व प्रतियोगिता में रहा शानदार प्रदर्शन , विधालय का क्षेत्रीय स्तर के लिए हुआ चयन

मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर

अजमेर। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 1 अजमेर में आयोजित संकुल स्तरीय राष्ट्रीय एकता पर्व प्रतियोगिता में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय नसीराबाद के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता में विद्यालय ने समूह नृत्य, समूह गायन, लोक वाद्यवृंद (फोक ऑर्केस्ट्रा) तथा लोक नृत्य प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि कहानी वाचन प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का शानदार परिचय दिया।
प्रतियोगिता में विद्यालय के लगभग 40 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय एकता पर्व के अंतर्गत केंद्रीय विद्यालय संगठन, जयपुर संभाग को मिजोरम एवं त्रिपुरा राज्यों की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतिनिधित्व करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। विद्यार्थियों ने इन दोनों राज्यों की लोक संस्कृति, लोकनृत्य, लोकसंगीत, पारंपरिक वेशभूषा एवं सांस्कृतिक परंपराओं का जीवंत मंचन कर निर्णायकों एवं दर्शकों की भरपूर सराहना प्राप्त की।
इस उल्लेखनीय सफलता के फलस्वरूप पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय नसीराबाद का दल अब 11 एवं 12 अगस्त 2026 को केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2, जयपुर में आयोजित क्षेत्रीय स्तरीय राष्ट्रीय एकता पर्व प्रतियोगिता में भाग लेकर संकुल का प्रतिनिधित्व करेगा।
इस शानदार उपलब्धि का श्रेय विद्यालय की संगीत शिक्षिका श्रीमती ओम ज्योति के कुशल मार्गदर्शन, सतत अभ्यास एवं समर्पित प्रयासों को जाता है। विद्यालय की प्राचार्य आर सी मीणा ने सभी विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों तथा शिक्षकों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विद्यालय का दल क्षेत्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय एवं जयपुर संभाग का नाम गौरवान्वित करेगा।

Author: admin

Comments (0)
Add Comment