मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर
अजमेर। श्री वैष्णव बैरागी (च. स.) छात्रावास समिति, केकड़ी के तत्वाधान में प्रथम आदर्श निशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन 1 मई, शुक्रवार को प्रेम मैरिज गार्डन, अजमेर-जयपुर बाईपास, पानी की टंकी के पास, केकड़ी में किया जाएगा।
समिति अध्यक्ष सीताराम वैष्णव डाबर ने जानकारी देते हुए बताया कि इस भव्य आयोजन में केंद्रीय मंत्री भागीरथ जी चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। साथ ही केकड़ी विधायक शत्रुघ्न जी गौतम सहित समाज के कई गणमान्य व्यक्ति, विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
मीडिया प्रभारी परमेश्वर टीलावत के अनुसार, इस सामूहिक विवाह सम्मेलन में कुल 11 जोड़ों का विवाह निःशुल्क संपन्न कराया जाएगा। आयोजन को लेकर विस्तृत कार्यक्रम तय किया गया है।
कार्यक्रम की शुरुआत 30 अप्रैल को प्रातः ध्वजारोहण, गणेश स्थापना एवं कलश यात्रा से होगी। इसी दिन शाम को महिला संगीत एवं आम सभा का आयोजन रखा गया है।
समिति सचिव रामधन वैष्णव ने बताया कि 1 मई को प्रातः बारात आगमन, अल्पाहार, शोभायात्रा, तोरण एवं वरमाला कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसके बाद दिन में प्रतिभोज, पाणिग्रहण संस्कार, आशीर्वाद समारोह एवं भामाशाहों का अभिनंदन किया जाएगा। कार्यक्रम का समापन शाम को विदाई समारोह के साथ होगा।
आयोजन की विशेषता यह रहेगी कि सभी 11 नवविवाहित जोड़ों को भामाशाहों द्वारा प्राप्त उपहार सामग्री भेंट की जाएगी।
समिति द्वारा इस आयोजन को समाज में एकता, सहयोग एवं सादगीपूर्ण विवाह परंपरा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया जा रहा है।