रेलवे की शानदार पहल, दिव्यांगों को मिलेगा रोजगार
देहरादून- रेलवे ने दिव्यांग यात्रियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए एक पहल की है। हुनरमंद दिव्यांगों की पेंटिंग को हरिद्वार, ऋषिकेश और देहरादून के रेलवे स्टेशन की दीवारों पर लगाया जाएगा। इन पेंटिंग पर मोबाइल फोन नंबर भी लिखा होगा। जिससे फोन कर आप भी अपने घरों की सजावट के लिए पेंटिंग खरीद सकते हैं।
रेलवे एक तरफ जहां सफर के दौरान दिव्यांगों की हर सुख सुविधा का ध्यान रख रहा है। वहीं दूसरी तरफ उन्हें अब रोजगार भी मुहैया कराने की तैयारी कर रहा है। दिव्यांग अपनी मेहनत के दम पर समाज में एक अलग ही मुकाम हासिल कर रहे हैं। अब इन दिव्यांगों के हुनर को रेलवे स्टेशन के परिसर की दीवारों पर लगाया जाएगा। जिससे उनकी प्रतिभा निखरकर सामने आ सके। इसके लिए रेलवे ने दिव्यांगों की आय बढ़ाने की तैयारी शुरू की है। रेलवे ने दिव्यांगों की ओर से बनाए चित्रों को प्रमुख स्टेशनों पर लगाने की योजना तैयार की है। अधिकांश चित्र पर्यावरण से जुड़े होंगे। जिन्हें स्टेशन परिसर की दीवारों पर लगाया जाएगा। वहीं दिव्यांगों के द्वारा बनाए गए महापुरुषों के चित्रों केे कार्यालय में महान पुरुषों का फोटो लगाया जाएगा। चित्र के नीचे मोबाइल नंबर भी अंकित होगा, कोई भी यात्री फोन कर दिव्यांग कलाकार द्वारा बनाई गई तस्वीर मंगा सकता है।
आकार के आधार पर तय है कीमत
रेलवे बोर्ड ने ऐसे दिव्यांगों को बढ़ावा देने के लिए चित्रकार के आकार के आधार पर कीमत भी तय कर रखी है। दिव्यांगों की ओर से बनाए गए चित्रों की बिक्री करने के लिए कई स्वंयसेवी संगठन काम करते हैं। दिव्यांगों के लिए काम करने वाले एक स्वयसेवी संगठन के लोग प्रवर मंडल वाणिज्य प्रबंधक से मिले थे।