कैसे मिलेगा इस दिव्यांग महिला को लाभ,हाथों से चलती हैं।

हाथों पर चल रही यह दिव्यांग महिला,नही मिल रहा योजनाओं का लाभ

मुकेश पोटर

दौसा. सरकार द्वारा गरीब, दिव्यांग लोगों को लाभ देने के लिए खाद्य सामग्री समेत तमाम योजनाएं संचालित की जा रही है. लेकिन दौसा जिले में एक ऐसा मामला सामने आया है, जहां अधिकारियों ने खाद्य सामग्री का लाभ देने के लिए प्रमाण पत्र भी जारी कर दिया, लेकिन फिर भी गरीब परिवार को योजना का लाभ नहीं मिल रहा है. जबकि विभाग की तरफ से डिजिटल प्रमाण पत्र जारी किया गया है.

विकलांग होने के बावजूद भी लगाने पड़ रहे चक्कर

उदयपुरा निवासी मंजू देवी दोनों पैरों से विकलांग है और वह विकलांग होने के बावजूद भी सरकारी कार्यालयों में चक्कर लगा रही है. वह सिकराय एसडीएम कार्यालय में आती है और अपनी फरियाद सुनाती है. लेकिन कोई संतुष्ट जवाब नहीं मिल पाता तो वह वापस अपने गांव घर के लिए लौट जाती है. विकलांग होने के बावजूद भी सरकारी कार्यालय में पहुंचकर अधिकारियों को फरियाद तो सुनाती है लेकिन अब वह परेशान नजर आ रही है.

प्रमाण पत्र तो मिला लेकिन योजनाओं का लाभ नहीं

मंजू देवी ने बताया कि उन्हें सरकारी योजनाओं के तहत गेहूं नहीं मिलते हैं. इसके लिए उनकी तरफ से फॉर्म भरा था और उसका प्रमाण पत्र भी दे दिया. वह दो तीन बार एसडीएम कार्यालय में आ चुकी हैं, लेकिन यहां आकर जवाब मिलता है कि मिल जाएगा, दो-तीन दिन बाद मिल जाएगा. जब प्रमाण पत्र दिया था तब कहा था कि 5-6 दिन बाद आपकों गेहूं मिल जाएंगे. जबकि प्रमाण पत्र दिए हुए 2 महीने हो गये हैं, लेकिन अभी तक इसका लाभ नहीं मिला है. विकलांग होने के कारण उन्हें आने में भी काफी परेशानी होती है. उनकी दो लड़कियां हैं और वह पति-पत्नी दोनों विकलांग हैं. यहां हमेशा ऑफिस में जवाब मिलता है कि जल्द ही गेहूं मिल जाएंगे, लेकिन उन्हें गेहूं मिलते ही नहीं हैं. एसडीएम कार्यालय से हमें कहा गया कि हमारे द्वारा यहां से कार्य कर दिया गया है. अगर गेहूं नहीं मिल रहे हैं तो हम क्या करें. यह जवाब देकर हमें भेज दिया गया है.

7 अक्टूबर को जारी हुआ प्रमाण पत्र, लेकिन अभी तक नहीं मिला लाभ
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना में लाभ देने के लिए लाभार्थी महिपाल पुत्र कला चंद को विकास अधिकारी तहसीलदार कार्यालय उपखंड अधिकारी और संबंधित ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव, पटवारी हल्का की अनुशंसा एवं स्वयं अपीलार्थी की शपथ घोषणा के आधार पर समावेश के पात्रता मापदंड के अनुसार राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत चयन का प्रमाण पत्र दिया गया. अपीलार्थी को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना में शामिल करने के आदेश दिए गए. यह प्रमाण पत्र उपखंड अधिकारी सिकराय के द्वारा जारी किया गया. यह प्रमाण पत्र 7 अक्टूबर 2022 को जारी हुआ, लेकिन अभी तक लाभार्थी को लाभ नहीं मिल पाया.

एसडीएम का यह कहना है

सिकराय एसडीएम राकेश मीणा ने कहा है कि मेरे सामने मामला आया है और जांच करवा कर लाभ दिलाया जाएगा.

Author: admin

Comments (0)
Add Comment