मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर
अजमेर । मानवता और सेवा की भावना उस समय एक बार फिर देखने को मिली, जब गंभीर बीमारी से जूझ रही केकड़ी निवासी महिला मरीज सावित्री जांगिड़ के उपचार के लिए दुर्लभ A-नेगेटिव (A-) रक्त की तत्काल आवश्यकता सामने आई। रक्त की कमी की सूचना मिलते ही भारत विकास परिषद शाखा केकड़ी के रक्तदान क्षेत्र में सक्रिय सदस्य दिनेश वैष्णव ने प्रयास शुरू किए और अंततः फतेहगढ़ निवासी मोहित चौधरी जीवनदाता बनकर सामने आए।
जानकारी के अनुसार सावित्री जांगिड़ का उपचार JLN अस्पताल, अजमेर में चल रहा है। महिला मरीज को उपचार के दौरान A-नेगेटिव रक्त की आवश्यकता होने की सूचना भाजपा कार्यकर्ता रोहित जांगिड़ के माध्यम से दिनेश वैष्णव को मिली। सूचना मिलते ही दिनेश वैष्णव ने A-नेगेटिव रक्तदाताओं से संपर्क साधना शुरू किया एवं इसकी सूचना केकड़ी के प्रमुख व्हाट्सएप ग्रुपों में रक्त आवश्यकता की सूचना भी प्रेषित की ।
ए नेगेटिव जैसे दुर्लभ रक्त समूह का रक्तदाता तत्काल उपलब्ध नहीं होने के कारण कई संभावित रक्तदाताओं ने निकट समय में रक्तदान करने में असमर्थता जताई। इसके बावजूद दिनेश वैष्णव लगातार प्रयास करते रहे। इसी दौरान फतेहगढ़ (बड़ला ) निवासी मोहित चौधरी से संपर्क हुआ। मोहित चौधरी ने मरीज की गंभीर आवश्यकता को समझते हुए बिना किसी संकोच के अजमेर जाकर रक्तदान करने की सहमति दी।
महिला मरीज के परिजन निजी वाहन से मोहित चौधरी को फतेहगढ़ से अजमेर लेकर पहुंचे, जहां उन्होंने JLN अस्पताल, अजमेर पहुंचकर सावित्री जांगिड़ के लिए अपना दुर्लभ A-नेगेटिव रक्तदान किया। उनके इस मानवीय प्रयास से मरीज के उपचार में आवश्यक रक्त की व्यवस्था हो सकी।
मोहित चौधरी का यह रक्तदान केवल एक यूनिट रक्त देना नहीं, बल्कि संकट की घड़ी में एक परिवार के लिए उम्मीद और जीवन का सहारा बनना है। उनके इस सेवाभावी कदम की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।
भारत विकास परिषद शाखा केकड़ी के रक्तदान क्षेत्र में सक्रिय सदस्य दिनेश वैष्णव ने कहा कि जरूरतमंद मरीजों के लिए समय पर रक्त उपलब्ध करवाना समाज सेवा का महत्वपूर्ण कार्य है। उन्होंने कहा कि रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंद मरीजों तक रक्त पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जाते रहेंगे।
महिला मरीज के परिजनों ने रक्तदाता मोहित चौधरी के प्रति हार्दिक साधुवाद एवं आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने फतेहगढ़ से अजमेर पहुंचकर दुर्लभ रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की है। साथ ही उन्होंने रक्त की आवश्यकता की सूचना देने और मरीज की मदद के लिए प्रयास करने वाले समाज सेवी दिनेश वैष्णव का भी आभार जताया।
रक्तदान से जुड़े इस सेवा कार्य ने एक बार फिर संदेश दिया कि रक्तदान महादान है और किसी जरूरतमंद के लिए समय पर किया गया रक्तदान उसके जीवन की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। समाज के लोगों से भी अपील की गई कि स्वस्थ एवं पात्र व्यक्ति नियमित रूप से रक्तदान के लिए आगे आएं, ताकि आपातकाल में किसी मरीज को रक्त के अभाव में परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।