दिव्यांगो की यात्रा : मंत्री ने दिया आश्वासन,सीएम से होगी मुलाकात
दिव्यांगो ने 90 दिन का सरकार को दिया अल्टीमेटम
राघौगढ़। 16 सूत्रीय मांगों को लेकर सोमवार से शुरू की गई दिव्यांग स्वाभिमान यात्रा के तीसरे दिन शासन के प्रतिनिधि के रूप में पंचायत मंत्री महेंद्रसिंह सिसोदिया दिव्यांगों के बीच पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री से मुलाकात कराकर मांगों के निराकरण का आश्वासन दिया। इस पर दिव्यांगों ने पदयात्रा खत्म तो नहीं की, बल्कि 90 दिनों के लिए स्थगित कर दी है।दरअसल, दिव्यांग संगठन के बैनर तले दिव्यांगों ने सात नवंबर से अपनी मांगों को लेकर पैदल स्वाभिमान यात्रा शुरू की थी, जिसे 17 नवंबर को कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को मांगपत्र सौंपना था, लेकिन दिव्यांगों की पीड़ा को देखते हुए दूसरे दिन मंगलवार को कलेक्टर फ्रेंक नोबल ए. और एसपी पंकज श्रीवास्तव दिव्यांगों से मिलने पहुंचे थे।
इस दौरान उन्हें समझाया गया कि जो ज्ञापन तो कलेक्ट्रेट पहुंचकर दोगे, तो मैं खुद लेने आ गया हूं, लेकिन दिव्यांग शासन के प्रतिनिधि (मंत्री) को बुलाने पर अड़े रहे। इसी क्रम में बुधवार को पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री महेंद्रसिंह सिसोदिया दिव्यांग स्वाभिमान यात्रा के तीसरे दिन दौराना पहुंचे।
इस दौरान उन्होंने दिव्यांगों के प्रतिनिधि मंडल से करीब 18 मिनट बात की। मंत्री के साथ कलेक्टर फ्रेंक नोबल ए., अपर कलेक्टर आदित्य सिंह के अलावा एसडीएम आर. अंजली आदि अधिकारी भी उपस्थित रहे। दिव्यांगों से बात करते हुए मंत्री सिसोदिया ने भरोसा दिलाया कि आपकी मांगों पर निश्चित रूप से विचार किया जाएगा। मुख्यमंत्री के आदेश पर ही मैं आपके पास आया हूं। इसके बाद दिव्यांगों ने मंत्री को ज्ञापन सौंपा, जिस पर उन्होंने कहा कि तीन महीने में आपकी मांगों का नियमानुसार निराकरण कराया जाएगा।
पांच लोगों का प्रतिनिधि मंडल सीएम से मिलेगा
पंचायत मंत्री सिसोदिया ने दिव्यांगों से चर्चा के दौरान कहा कि दिव्यांग संगठन के पांच लोगों का प्रतिनिधि मंडल मेरे साथ भोपाल जाएगा। इसके बाद वे स्वयं साथ चलकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात करेंगे। इधर, मंत्री ने कलेक्टर को निर्देश दिए कि पदयात्रा में चोटिल हुए सभी दिव्यांगों का मेडिकल कराया जाए व उनको घर छुड़वाया जाए।
यात्रा समाप्त नहीं, स्थगित की गई
दिव्यांग सेवा संगठन के अध्यक्ष सुनील पंत ने बताया कि हमारे हकों की लड़ाई जारी रहेगी। हमने यात्रा समाप्त न करते हुए मात्र 90 दिनों के लिए स्थगित की है। अगर फिर भी हमारी मांगों पर कोई विचार नहीं होता है, तो हम फिर इसी स्थान से अपने अधिकारों के लिए दिव्यांग स्वाभिमान यात्रा को आगे बढ़ाएंगे।
विधायक जयवर्द्धन सिंह ने की दिव्यांगों से मुलाकात
दिव्यांग स्वाभिमान पदयात्रा 90 दिनों के लिए स्थगित हो गई है। इधर, क्षेत्रीय विधायक जयवर्द्धन सिंह भी बुधवार दोपहर दिव्यांगों से मिलने दौराना स्थित विश्वकर्मा काम्प्लेक्स पहुंचे। यहां उन्होंने पदयात्रा कर रहे दिव्यांगजनों से मुलाकात की। साथ ही दिव्यांग भाई-बहनों को खाना-परोसने के साथ नीचे बैठकर खाना भी खाया। इसके बाद पूर्व मंत्री जयवर्द्धन सिंह ने कहा कि आपकी सभी मांगों पर शासन को आश्वासन के बजाए पूरी करना चाहिए। कांग्रेस सरकार बनते ही दिव्यांग पेंशन को 300 से बढ़ाकर 600 रुपये प्रतिमाह कर दिया गया था। साथ ही दिव्यांगों से जुड़ी कई योजना हमारे वचन पत्र में थीं। आगे भी हमारी सरकार बनते ही हम दिव्यांगों की पेंशन को बढ़ाएंगे।