केकड़ी में मन्दिर भूमि विवाद को लेकर वैष्णव समाज का प्रदर्शन, समाज ने उपखण्ड अधिकारी को सौंपा ज्ञापन

मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर

अजमेर। सरवाड़ के निकटवर्ती ग्राम सापंदा स्थित मंदिर श्री गोपाल जी महाराज की भूमि पर कथित अतिक्रमण, रास्ते के विवाद तथा महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार के मामले को लेकर वैष्णव (साधु) समाज ने शुक्रवार को उपखंड अधिकारी (एसडीएम) कार्यालय केकड़ी पहुंचकर उपखण्ड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
वैष्णव बैरागी विकास समिति के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में बताया गया कि ग्राम सापुंडा के खसरा नंबर 376, 377, 379, 380, 381, 382 एवं 383 राजस्व रिकॉर्ड में मंदिर श्री गोपाल जी महाराज स्थान देह के नाम दर्ज हैं। समाज का कहना है कि वर्षों से वैष्णव समाज के लोग उक्त भूमि पर खेती कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हुए मंदिर की सेवा-पूजा का कार्य करते आ रहे हैं।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि 2 जून को पड़ोसी खातेदारों एवं उनके परिजनों ने मंदिर भूमि पर पहुंचकर वहां मौजूद महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार, मारपीट और दुर्व्यवहार किया। इस संबंध में पुलिस थाना सरवाड़ में रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई है, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से समाज में आक्रोश व्याप्त है।
समाज ने आरोप लगाया कि मंदिर भूमि से पूर्व में छोड़े गए रास्ते पर धीरे-धीरे कब्जा कर लिया गया है तथा मंदिर की भूमि से जबरन रास्ता निकालने का प्रयास किया जा रहा है। ज्ञापन में प्रशासन से रास्ते का सीमांकन कर अतिक्रमण हटाने तथा मंदिर भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई। वैष्णव समाज ने महिलाओं के साथ कथित दुर्व्यवहार करने वाले आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच तथा मंदिर के पुजारी परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग करते हुए दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

Author: admin