भू माफियाओं से मन्दिर भूमि मुक्त कराने की मांग, मन्दिरो की डोली भूमि पर अवैध कब्जों को खिलाफ पुजारी समाज का प्रदर्शन, अतिरिक्त जिला कलक्टर एवं उपखण्ड अधिकारी केकडी को पुजारी समाज ने सौंपा ज्ञापन

मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर

अजमेर । क्षेत्र में मंदिरों की डोली भूमि पर कथित अतिक्रमण और अवैध कब्जों के मामलों को लेकर पुजारी वैष्णव समाज में रोष व्याप्त है। कार्रवाई की मांग को लेकर सोमवार को समाज के प्रतिनिधियों ने अतिरिक्त जिला कलेक्टर एवं उपखंड अधिकारी केकड़ी को ज्ञापन सौंपकर मंदिरों की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने, सीमांकन करवाने तथा पुजारी परिवारों को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की।
समाज के लोग सुबह नगर पालिका परिसर स्थित अतिरिक्त जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचे, जहां ज्ञापन सौंपने के बाद पैदल मार्च करते हुए उपखंड कार्यालय पहुंचे और उपखंड अधिकारी को भी ज्ञापन दिया। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि क्षेत्र के कई मंदिरों की डोली भूमि पर प्रभावशाली लोगों द्वारा अवैध कब्जे किए गए हैं, जिससे पुजारी परिवारों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में विशेष रूप से केकड़ी स्थित लक्ष्मीनारायण मंदिर की डोली भूमि का उल्लेख किया गया, जिस पर लंबे समय से अतिक्रमण होने का आरोप लगाया गया है। इसके अलावा ग्राम सरसड़ी स्थित बालाजी मंदिर की भूमि पर भी कुछ लोगों द्वारा कब्जा किए जाने की शिकायत की गई। समाज के प्रतिनिधियों ने इन भूमियों की राजस्व अभिलेखों के आधार पर जांच करवाकर सीमांकन करने तथा अतिक्रमण हटाने की मांग की।
समाज ने हाल ही में ग्राम सापणदा में मंदिर भूमि विवाद को लेकर हुए घटनाक्रम का भी उल्लेख किया। ज्ञापन के अनुसार विवाद के दौरान पुजारी परिवार की महिलाओं के साथ मारपीट की घटना हुई थी, जिसकी रिपोर्ट पुलिस में दर्ज कराई गई है। समाज ने आरोप लगाया कि मंदिर भूमि की रक्षा का प्रयास करने वाले पुजारी परिवारों को लगातार धमकियां और प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई कि मंदिरों की भूमि पर हुए अतिक्रमणों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए तथा पुजारी परिवारों को सुरक्षा प्रदान की जाए। समाज ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो आगामी दिनों में आंदोलन और धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान सीताराम वैष्णव डाबर, बृजकिशोर वैष्णव बघेरा, परमेश्वर टिलावत, हनुमान साधु जूनिया, गणेश वैष्णव, बुद्धिप्रकाश वैष्णव, रामजीलाल वैष्णव सापणदा, गोविंद वैष्णव, महावीर वैष्णव, दिनेश वैष्णव, उमाशंकर वैष्णव, गोपाल वैष्णव, सत्यनारायण वैष्णव, कैलाश वैष्णव सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

Author: admin