मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर
अजमेर। छावनी परिषद नसीराबाद के मुख्य अधिशासी अधिकारी मोहम्मद साक़िब आलम द्वारा सोमवार को वार्ड संख्या 5 का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने क्षेत्र की सफाई व्यवस्था का जायज़ा लिया तथा स्थानीय निवासियों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी प्राप्त की।
इस दौरान सीईओ ने संबंधित कर्मचारियों को सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। साथ ही, जिन स्थानों पर नालियां एवं सड़कें अत्यधिक क्षतिग्रस्त पाई गईं, उन्हें चिन्हित किया गया, ताकि भविष्य में योजनाबद्ध तरीके से प्राथमिकता के आधार पर उनका सुधार कार्य कराया जा सके। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें, कचरा इधर-उधर न फैलाएं तथा निर्धारित स्थानों पर ही कचरा डालें।
इसके अतिरिक्त, क्षेत्र में बढ़ते अतिक्रमण पर संज्ञान लेते हुए सीईओ ने विशेष रूप से उन दुकानदारों को निर्देशित किया, जिन्होंने अपनी दुकानों के बाहर टीन शेड एवं अन्य अस्थायी संरचनाएं स्थापित कर रखी हैं। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि ऐसे अतिक्रमण को शीघ्र हटाकर अपनी दुकानों की निर्धारित सीमा के भीतर ही रखें, ताकि आमजन के आवागमन में कोई बाधा उत्पन्न न हो।
साथ ही, सड़कों पर खुले में पशु छोड़ने की बढ़ती समस्या पर भी सीईओ ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने निर्देश दिए कि जो भी पशु मालिक अपने पशुओं को सड़कों पर खुले में छोड़ते पाए जाएंगे, उनके पशुओं को जब्त किया जाएगा तथा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
छावनी परिषद द्वारा स्वच्छता एवं सुव्यवस्थित शहर के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, जिसमें आमजन का सहयोग अत्यंत आवश्यक है।