मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर
अजमेर ।
विद्या भारती संस्थान, अजमेर के अंतर्गत श्री चंद्रनाथ आदर्श विद्या मंदिर माध्यमिक विद्यालय, देराठू रोड, नसीराबाद में शुक्रवार को “अखंड भारत संकल्प दिवस” का आयोजन श्रद्धा, राष्ट्रभक्ति एवं देशप्रेम की भावना के साथ किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी भैया-बहनों के साथ आचार्य एवं दीदी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप मंत्र के सामूहिक उच्चारण के साथ किया गया। इसके पश्चात भैया-बहनों ने अखंड भारत संकल्प दिवस मनाए जाने के उद्देश्य, इसके ऐतिहासिक महत्व तथा भारत के विभाजन से जुड़ी प्रमुख घटनाओं के बारे में जानकारी साझा की। विद्यार्थियों ने अखंड भारत की सांस्कृतिक एवं राष्ट्रीय एकता की भावना पर भी अपने विचार प्रस्तुत किए। विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश ने विद्यार्थियों को अखंड भारत संकल्प दिवस के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि यह दिवस हमें भारत की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक एकता को स्मरण करने तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव के प्रति अपने दायित्व को समझने की प्रेरणा देता है। उन्होंने विद्यार्थियों को देश के इतिहास से सीख लेकर राष्ट्रहित में कार्य करने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान 14 अगस्त 1947 से संबंधित ऐतिहासिक घटनाओं एवं भारत के विभाजन की परिस्थितियों पर भी चर्चा की गई। विद्यार्थियों को देश के इतिहास, स्वतंत्रता आंदोलन तथा राष्ट्रीय एकता के महत्व की जानकारी दी गई।
अंत में सभी भैया-बहनों, आचार्य एवं दीदी ने सामूहिक रूप से माँ भारती की आरती की। राष्ट्रभक्ति एवं एकता के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। पूरे आयोजन में विद्यालय परिसर देशप्रेम और राष्ट्रीय चेतना की भावना से ओत-प्रोत रहा।