नसीराबाद विधानसभा क्षेत्र के ग्राम दिलवाडा में मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन हुआ अलर्ट, 10 से 13 मई को आ सकते हैं मुख्यमंत्री

मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर

अजमेर। नसीराबाद विधानसभा क्षेत्र के ग्राम दिलवाड़ा में मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के 10 मई से 13 के बीच संभावित दौरें कों लेकर प्रशासन अलर्ट हो गया है। दिलवाड़ा में मुख्यमंत्री विकसित ग्राम अभियान के तहत संध्या चौपाल में शामिल होंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जनता से सीधे संवाद करेंगे और रात्रि विश्राम भी दिलवाड़ा में ही करेंगे।
सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार दिलवाड़ा में गोविन्द वैष्णव के घर पर शर्मा रात्रि विश्राम करेंगे वहीं प्रहलाद कामड के घर भोजन ग्रहण करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन और संध्या चौपाल की तैयारियों को जिला कलेक्टर लोकबंधु, एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला, जिला परिषद सीओ रामप्रसाद, सीएम एच.ओ. ज्यौत्सना रंगा, नसीराबाद एसडीएम देवी लाल यादव, एडीशनल एसपी राजेश मिल, विकास अधिकारी महेश चौधरी, तहसीलदार राकेश कुमार,भाजपा देहात जिला अध्यक्ष जीतमल प्रजापत और नसीराबाद ग्रामीण मंडल अध्यक्ष मुकेश चौधरी, सरपंच प्रतिनिधि घीसालाल गुर्जर , प्रहलाद चौधरी, पूर्व मंडल अध्यक्ष अशोक वैष्णव ने मौके पर जाकर जायजा लिया।
अधिकारियों ने संध्या चौपाल के स्थल, सुरक्षा व्यवस्थाओं और अन्य तैयारियों का निरीक्षण किया। कार्यक्रम को लेकर अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में सभी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं और जनता को मुख्यमंत्री से संवाद करने का पूर्ण अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री के आयोजित होने वाली इस संध्या चौपाल में ग्रामीण विकास, जन समस्याओं और स्थानीय मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
साथ ही पुलिस प्रशासन ने भी प्रस्थापित स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक कृष्ण कुमार यादव, सदर थानाधिकारी अशोक विशु ने सुरक्षा व्यवस्था के इन्तजामो की जमीनी स्तर पर समीक्षा की। वहीं ग्राम पंचायत द्बारा भी ग्राम के सभी मोहल्लों में साफ सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने का कार्य तेज कर रखा है।

Author: admin