मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर
अजमेर। । तीर्थ नगरी पुष्कर में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब नए बस स्टैंड की ढलान पर एक स्लीपर बस के अचानक ब्रेक फेल हो गए। बेकाबू बस तेज गति से ढलान पर दौड़ती हुई वराह जी मंदिर की दुकानों की तरफ जा घुसी। गनीमत रही कि उस समय सड़क पर वाहनों की आवाजाही कम थी और अधिकांश दुकानें बंद थीं, जिससे बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार संखवास से हरिद्वार चलने वाली स्लीपर बस सुबह करीब 7:30 बजे हरिद्वार से पुष्कर पहुंची थी। चालक बस को घुमाकर वापस बस स्टैंड की ओर ला रहा था। इसी दौरान ढलान पर अचानक बस के ब्रेक फेल हो गए। ब्रेक फेल होते ही बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति को भांपते हुए चालक ने घबराने के बजाय सूझबूझ दिखाई और बस को दूसरी दिशा में मोड़ दिया। बस वराह जी मंदिर की दुकानों के आगे लगे टीन शेड से जा टकराई, जिसके बाद वह रुक गई। टीन शेड से टकराने के कारण बस की रफ्तार थमी और एक बड़ा हादसा होने से बच गया।
मोटरसाइकिल छोड़कर भागा युवक
प्रत्यक्षदर्शी योगेश ने बताया कि वह मोटरसाइकिल लेकर वहां से निकल रहा था। अचानक उसने देखा कि बस तेज गति से ढलान से नीचे आ रही है। खतरा भांपते ही उसने मोटरसाइकिल वहीं छोड़ दी और भागकर अपनी जान बचाई। योगेश के मुताबिक, यदि वह समय रहते साइड नहीं होता तो बस की चपेट में आ सकता था।
तीसरी बार उठे सुरक्षा पर सवाल
स्थानीय लोगों के अनुसार नए बस स्टैंड की ढलान पर बस के ब्रेक फेल होने की यह तीसरी घटना है। बार-बार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने बस स्टैंड की ढलान और वहां की यातायात व्यवस्था की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि घटना के समय दुकानें खुली होतीं या सड़क पर अधिक भीड़ होती तो हादसा बेहद गंभीर हो सकता था। तीर्थ पुरोहित पूनमचंद पाराशर ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि चालक की सूझबूझ और उस समय कम भीड़ होने के कारण बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।