जिला परिषद के प्रथम चरण में 15 व दूसरे चरण में 18 वार्डों में होंगे चुनाव
24 व 30 अक्टूबर को पंच व सरपंच के लिए होगा मतदान
मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर
अजमेर । पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत अजमेर जिले में मतदान दो चरणों में होगा। प्रथम चरण में 22 अक्टूबर को जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान होगा, जबकि पंच-सरपंच पदों के लिए 24 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे। दूसरे चरण में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए 28 अक्टूबर तथा पंच-सरपंच पदों के लिए 30 अक्टूबर को मतदान होगा।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अभिषेक गोयल ने बताया कि प्रथम चरण में जिला परिषद के 15 वार्डों में चुनाव होंगे। इसके तहत पीसांगन, श्रीनगर, केकड़ी, सरवाड़, सावर तथा अजमेर ग्रामीण की नांद ग्राम पंचायत से संबंधित क्षेत्रों में मतदान कराया जाएगा। वहीं, दूसरे चरण में जिला परिषद के 18 वार्डों के लिए मतदान होगा। इसमें अजमेर ग्रामीण, बड़ल्या, भिनाय, अरांई और सिलोरा क्षेत्र शामिल हैं।
प्रथम चरण में 461 मतदान बूथ
प्रथम चरण में पंचायत समिति सरवाड़ की 25 ग्राम पंचायतों में 84, केकड़ी की 22 ग्राम पंचायतों में 83, सावर की 20 ग्राम पंचायतों में 68, पीसांगन की 26 ग्राम पंचायतों में 105, श्रीनगर की 28 ग्राम पंचायतों में 116 तथा अजमेर ग्रामीण की नांद ग्राम पंचायत में 5 मतदान बूथ बनाए गए हैं। इन क्षेत्रों में पंचायत समिति सदस्य पद के लिए 22 अक्टूबर को तथा पंच-सरपंच पदों के लिए 24 अक्टूबर को मतदान होगा।
दूसरे चरण में 552 मतदान बूथ
द्वितीय चरण में अजमेर ग्रामीण की 25 ग्राम पंचायतों में 109, बड़ल्या की 25 ग्राम पंचायतों में 87, सिलोरा की 36 ग्राम पंचायतों में 154, अरांई की 23 ग्राम पंचायतों में 86 तथा भिनाय की 30 ग्राम पंचायतों में 116 मतदान बूथों पर वोट डाले जाएंगे। इन क्षेत्रों में पंचायत समिति सदस्य पद के लिए 28 अक्टूबर और पंच-सरपंच पदों के लिए 30 अक्टूबर को मतदान निर्धारित है।
21 और 27 अक्टूबर को रवाना होंगे मतदान दल
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार प्रथम चरण के मतदान दल 21 अक्टूबर को तथा द्वितीय चरण के मतदान दल 27 अक्टूबर को रवाना होंगे। मतदान दलों का प्रस्थान सुबह 11 बजे राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, अजमेर से होगा। जिला प्रशासन ने चुनाव की तैयारियों के तहत मतदान दलों की रवानगी और मतदान व्यवस्था निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुनिश्चित करने की तैयारी की है।