मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर
अजमेर। नसीराबाद नगर के हाउसिंग बोर्ड कालोनी में स्थित पीएम श्री स्कूल जेएनवी नांदला अजमेर में अभिभावक शिक्षक परिषद की सत्र 2026-27 के लिए साधारण सभा की बैठक का आयोजन किया गया । जिसमें 200 अभिभावक शामिल हुए। बैठक का आयोजन विद्यालय के बहुउद्देशीय हाल में 11 से 1.30 बजे तक हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य गिरि राज रेवाड़ ने की। बैठक के दौरान जिले के 12 ब्लॉक में से 15 अभिभावकों का चुनाव अभिभावक शिक्षक परिषद के सदस्यों के रूप में किया गया। विद्यालय के प्राचार्य रेवाड़ ने बताया कि अभिभावक शिक्षक परिषद की मासिक बैठक माह के दूसरे शनिवार को होती है, जिसमें छात्र छात्राओं के समग्र विकास एवं शैक्षणिक प्रगति के लिए विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा होती है। विद्यालय के विकास कार्यों की जानकारी देते हुए रेवाड़ ने बताया कि सभी कक्षाओं में इंटरनेट की सुविधा युक्त इंटरएक्टिव स्मार्ट बोर्ड लगवाये गए हैं, कक्षा ग्यारहवीं एवं बाहरवीं के छात्र छात्राओं को टेबलेट उपलब्ध करवाए गए हैं। हाल ही में विद्यालय के 43 छात्र/ छात्राओं का चुनाव राष्ट्र स्तरीय खेल प्रति स्पर्धाओं के लिए हुआ है।
उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चे को अनावश्यक कारण से छुट्टी दिलाकर घर ना लेकर जाएं, इससे बच्चों की शैक्षणिक प्रगति बाधित होती है। अभिभावकों के तरफ से छात्रावास में साफ सफाई की व्यवस्था में सुधार एवं बच्चों की शैक्षणिक प्रगति के सूचना व्हाटस ऐप के माध्यम से देने का सुझाव दिया। पीरियॉडिक टेस्ट में उत्कृष्ठ स्थान पाने वाले छात्र छात्राओं को चॉकलेट देकर सम्मानित किया । कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षक योगेंद्र सिंह चौधरी ने मंच संचालन किया। विद्यालय की उप प्राचार्य श्रीमती अलका कुलश्रेष्ठ ने सभी अभिभावकों का बैठक में पधारने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक/ शिक्षिकाए उपस्थित रहे।