मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर
अजमेर। मौसमी वायरल संक्रमण, Influenza (H1N1), Dengue एवं अन्य संक्रामक रोगों की प्रभावी निगरानी, समयबद्ध जांच एवं मरीजों को त्वरित उपचार उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से शनिवार को जे.एल.एन. चिकित्सालय, अजमेर में अस्पताल की व्यवस्थाओं एवं सेतु योजना के संचालन की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता प्रधानाचार्य एवं नियंत्रक डॉ. अनिल सामरिया ने की। बैठक में अस्पताल अधीक्षक डॉ. अरविंद खरे, HOD माइक्रोबायोलॉजी डॉ. गीता परिहार, अतिरिक्त अधीक्षक डॉ. जयप्रकाश नारायण तथा हॉस्पिटल केयरटेकर डॉ. लुनिका ने सहभागिता की।
बैठक में डॉ. अनिल सामरिया ने निर्देश दिए कि जे.एल.एन. चिकित्सालय में Influenza Like Illness (ILI) से संबंधित मरीजों के लिए पृथक एवं सुव्यवस्थित ILI OPD की व्यवस्था प्रभावी रूप से संचालित रहे तथा मरीजों की प्रारंभिक स्क्रीनिंग, चिकित्सकीय परीक्षण एवं आवश्यकतानुसार जांच समयबद्ध रूप से सुनिश्चित की जाए।
साथ ही Dengue, H1N1/Influenza एवं COVID-19 सहित संक्रामक रोगों की जांच एवं निगरानी को लेकर माइक्रोबायोलॉजी विभाग को निर्देश दिए गए कि प्राप्त होने वाले सैंपल की नियमित एवं दैनिक जांच सुनिश्चित की जाए। लगातार आने वाले राजकीय अवकाशों के दौरान भी जांच कार्य निर्बाध रूप से जारी रहे तथा आवश्यक मानव संसाधन, जांच किट, अभिकर्मक एवं अन्य संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित रखी जाए। बैठक में PHS डॉ. गायत्री राठौड़ द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित करने पर भी चर्चा की गई तथा उनकी अनुपालना की स्थिति की समीक्षा की गई।
सेतु योजना के सफल संचालन पर विशेष जोर
बैठक में सेतु योजना के सफल संचालन की भी विस्तार से समीक्षा की गई। डॉ. अनिल सामरिया ने योजना के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की प्रगति एवं अनुपालना रिपोर्ट की जानकारी ली तथा निर्देश दिए कि योजना का लाभ अधिकतम मरीजों तक पहुंचाने के लिए सभी संबंधित स्तरों पर प्रभावी समन्वय सुनिश्चित किया जाए।
डॉ. सामरिया ने निर्देश दिए कि सेतु योजना के लिए तैयार किए गए विशेष QR Code को वर्तमान में संचालित Rapid Referral व्यवस्था के साथ जारी रखा जाए, ताकि PHC एवं CHC से रेफर होकर आने वाले मरीजों की जानकारी एवं रेफरल प्रक्रिया को और अधिक सुव्यवस्थित एवं त्वरित बनाया जा सके। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि DME से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुसार चिन्हित स्थान पर संबंधित कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाए, ताकि सेतु योजना का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।
इस संबंध में CMHO डॉ. ज्योत्सना जी एवं Joint Director डॉ. जौधा जी से भी चर्चा एवं समन्वय किया गया, ताकि योजना के माध्यम से PHC एवं CHC से रेफर होकर जे.एल.एन. चिकित्सालय आने वाले मरीजों को बिना अनावश्यक विलंब के उचित जांच, विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जा सके। डॉ. अनिल सामरिया ने अस्पताल प्रशासन को निर्देशित किया कि ILI OPD, संक्रामक रोगों की जांच व्यवस्था एवं सेतु योजना की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा मरीजों की सुविधा, सुरक्षा एवं त्वरित उपचार को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। जे.एल.एन. चिकित्सालय प्रशासन द्वारा मौसमी संक्रमणों एवं संक्रामक रोगों की स्थिति पर निरंतर निगरानी रखते हुए मरीजों की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए आवश्यक सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।