केकड़ी में आयोजित भारत को जानो प्रतियोगिता में दिखा विधार्थियों में उत्साह, 34 विधालयो के करीब 2700 विधार्थियों ने लिया भाग

मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर

अजमेर । भारत विकास परिषद केकड़ी के संस्कार प्रकल्प के तहत भारत को जानो प्रतियोगिता के प्रथम चरण का आयोजन सोमवार, 31 अगस्त को केकड़ी मुख्य शाखा एवं महाराणा प्रताप शाखा के संयुक्त तत्वावधान में किया गया । भारत को जानो प्रतियोगिता में विद्यार्थियों का जबरदस्त उत्साह दिखाई दिया। कार्यक्रम में 34 विद्यालयों के करीब 2700 विद्यार्थियों
ने प्रतियोगिता में भाग लेकर भारत की सभ्यता, संस्कृति और विविध क्षेत्रों से जुड़े अपने ज्ञान का प्रदर्शन किया।
भारत विकास परिषद के शाखा सचिव रामनिवास जैन ने बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन कनिष्ठ एवं वरिष्ठ वर्ग के लिए अलग-अलग किया गया। परीक्षा ओएमआर शीट के माध्यम से आयोजित हुई। मुख्य शाखा की ओर से 22 विद्यालयों में परीक्षा संपन्न कराई गई, जिसमें कनिष्ठ वर्ग के 700 तथा वरिष्ठ वर्ग के 992 विद्यार्थी शामिल हुए। वहीं महाराणा प्रताप शाखा की ओर से 13 विद्यालयों में आयोजित परीक्षा में कनिष्ठ वर्ग के 395 और वरिष्ठ वर्ग के 509 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
इस प्रकार दोनों शाखाओं के माध्यम से आयोजित प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की बड़ी भागीदारी ने आयोजन को व्यापक रूप प्रदान किया। परीक्षा केंद्रों पर विद्यार्थियों में प्रतियोगिता को लेकर उत्साह नजर आया और विद्यालयों के संस्था प्रधानों एवं शिक्षकों ने भी आयोजन में सहयोग प्रदान किया।
भारतीय संस्कृति और ज्ञान से जोड़ना है उद्देश्य
प्रकल्प प्रभारी राजेंद्र कुमार न्याति ने बताया कि भारत को जानो प्रतियोगिता भारत की विकास परिषद का एक महत्वपूर्ण एवं उपयोगी संस्कार प्रकल्प है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को देश के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति एवं विविध उपलब्धियों से परिचित कराने का प्रयास किया जाता है। संस्कार प्रकल्प प्रभारी आभा बेली ने बताया कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में भारत की सभ्यता, संस्कृति, भूगोल, इतिहास, साहित्य, खेल, विज्ञान, राजनीति, मनोरंजन एवं समसामयिक गतिविधियों के प्रति जागरूकता एवं जिज्ञासा पैदा करना है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में सामान्य ज्ञान बढ़ाने के साथ-साथ देश की समृद्ध विरासत के प्रति गौरव और रुचि भी विकसित करती हैं।
सदस्यों एवं विद्यालयों के सहयोग से सफल हुआ आयोजन
आयोजन की सफलता पर भारत विकास परिषद की ओर से सभी शाखा सदस्यों, मातृशक्ति, विद्यालय संस्था प्रधानों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया गया। प्रतियोगिता के सफल संचालन में परिषद के कैलाश चंद जैन, महावीर प्रसाद पारीक, नंदलाल गर्ग, हीरालाल सामरिया, हरिनारायण विदा, आदित्य उदयवाल, आभा बेली, संगीता विजय एवं नंदकिशोर तिवारी सहित अन्य सदस्यों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
वहीं महाराणा प्रताप शाखा के सदस्यों ने भी परीक्षा के आयोजन एवं संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। परिषद पदाधिकारियों ने कहा कि सभी सदस्यों की सक्रिय सहभागिता, विद्यालयों के सहयोग और विद्यार्थियों के उत्साह के चलते भारत को जानो प्रतियोगिता का प्रथम चरण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रतियोगिता को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

Author: admin

Comments (0)
Add Comment