DESH KI AAWAJ

अजमेर में बन रहे साइंस पार्क के निर्माण कार्य का उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी व विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने किया अवलोकन , काम की गति बढ़ाने के दिए निर्देश

मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर

अजमेर । अजमेर शहर में शिक्षा और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पंचशील क्षेत्र में करीब 32 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक साइंस पार्क का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी एवं विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने शनिवार को निर्माण स्थल का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए। देवनारायण बोर्ड अध्यक्ष ओमप्रकाश भडाणा भी साथ उपस्थित रहे। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि साइंस पार्क को अत्याधुनिक सुविधाओं से विकसित किया जा रहा है, जिससे विद्यार्थियों को विज्ञान को व्यवहारिक रूप में समझने का अवसर मिलेगा। यह प्रोजेक्ट अजमेर को नया शैक्षणिक और पर्यटन केंद्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा। साइंस पार्क में ऑडिटोरियम, प्लेनेटोरियम, एक्सबिशन हॉल तथा सेमिनार कक्ष जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। यहां विज्ञान आधारित प्रदर्शनी, शैक्षणिक गतिविधियां और वैज्ञानिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित होगी। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। साइंस पार्क के विकसित होने से अजमेर में नया टूरिस्ट प्लेस तैयार होगा, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे और शहर की पहचान शिक्षा व विज्ञान के केंद्र के रूप में मजबूत होगी। साइंस पार्क अजमेर के भविष्य की नींव है। वर्तमान युग विज्ञान का युग है। बच्चों को साइंस से जुड़ी जानकारियों में पूर्णतः अपडेट रहना चाहिए अजमेर के विद्यार्थियों और बाहर से आने वाले पर्यटकों के लिए यह साइंस पार्क नई जानकारियों का एक पूरा जहां खोलेगा। यहां साइंस से जुड़ी जिज्ञासाओं को समाधान होगा। बच्चों अपने आपको एक नई जानकारी से रूबरू जाएंगे। अजमेर का साइंस पार्क पर्यटन और रोजगार की दृष्टि से भी नई राह खोलेगा। यहां आने वाले पर्यटक होटल, परिवहन और खाद्य पदार्थों के व्यापार के लिए नए अवसर बनाएंगे। यह स्कूलों में भी एक नई सोच को बढ़ावा देगा। श्री देवनानी ने कहा कि अजमेर का साइंस पार्क कई तरह से अनूठा होगा। इसमें एक ऑडिटोरियम, एक साइंस एक्टिविटी लैब, गार्डन, प्रशासनिक भवन, आउटडोर मॉडल, मॉडल डेवलपमेंट लैब और एक्टिविटी एरिया भी होगा। इस अवसर पर जिला कलक्टर लोक बन्धु, जिला अध्यक्ष रमेश सोनी, एडीए आयुक्त श्रीमती नित्या के. सहित अधिकारी उपस्थित थे।

इससे पूर्व सभी अतिथियों ने साइंस पार्क परिसर में वृक्षारोपण किया।

admin
Author: admin