DESH KI AAWAJ

विश्व रक्तदाता दिवस पर 14 जून को होगा जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में होगा सम्मान समारोह एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम

मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर

अजमेर । विश्व रक्तदाता दिवस के उपलक्ष्य में आईएचटीएम विभाग, जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं चिकित्सालय, अजमेर द्वारा दिनांक 14 जून को प्रातः 9 बजे न्यू सेमिनार हॉल में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लॉरेंस बंदु, डीआईजी, ग्रुप सेंटर सीआरपीएफ-2, फॉयसागर रोड, अजमेर होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. अनिल सामरिया, प्रधानाचार्य एवं नियंत्रक, जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज, अजमेर करेंगे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में डॉ. अरविंद खरे, अधीक्षक, जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय, अजमेर; डॉ. सी.सी. मीणा, अधीक्षक, राजकीय सेटेलाइट चिकित्सालय, अजमेर; तथा आईएचटीएम विभाग अध्यक्ष जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय अजमेर, डॉ. पूर्णिमा पचौरी, अधीक्षक, राजकीय महिला चिकित्सालय उपस्थित रहेंगे।
इस अवसर पर विश्व रक्तदाता दिवस सप्ताह के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। चिकित्सालय परिसर में आयोजित वॉल पेंटिंग प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों में से चयनित विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। साथ ही कविता लेखन एवं वाचन प्रतियोगिता में चयनित 11 प्रतिभागियों द्वारा अपनी रचनाओं का पाठ भी किया जाएगा।
कार्यक्रम में रक्तदान जागरूकता अभियान में निरंतर सहयोग देने वाली स्वयंसेवी संस्थाओं का सम्मान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त उन मीडिया प्रतिनिधियों को भी सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने रक्तदान संबंधी गतिविधियों के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं सकारात्मक मीडिया कवरेज के माध्यम से अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
चिकित्सालय प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे अपने जीवन के विशेष अवसरों, जैसे जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ एवं अन्य महत्वपूर्ण दिनों पर रक्तदान कर इन पलों को समाज सेवा से जोड़ें तथा जरूरतमंद मरीजों के जीवन बचाने में योगदान दें।
विश्व रक्तदाता दिवस का यह आयोजन स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने तथा नियमित रक्तदाताओं को सम्मानित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध होगा।

admin
Author: admin