DESH KI AAWAJ

राजस्थान महिला कल्याण मण्डल चाचियावास द्बारा आयोजित उदय बैठक में दिव्यांग बच्चों के अधिकारों एवं सरकारी योजनाओं पर किया जागरूक

मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर

अजमेर । राजस्थान महिला कल्याण मंडल, चाचियावास द्वारा सामुदायिक पुनर्वास (CBR) कार्यक्रम के अंतर्गत शुक्रवार को सुभाष नगर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर उदय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का संचालन संस्था की CMM एवं उदय बैठक संचालक मंजू राठौड़ ने किया। इसमें दोनों आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं, उदय सदस्यों तथा दिव्यांग बच्चों (CWSN/PWD) के अभिभावकों सहित कुल 28 लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
बैठक में संस्था के कार्यों एवं उदय बैठक के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए सामाजिक सुरक्षा एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया। अभिभावकों को योजनाओं की पात्रता, लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया तथा आवश्यक दस्तावेजों के बारे में विस्तार से बताया गया। इस अवसर पर CBR कार्यकर्ता वीणा कश्यप ने संस्था द्वारा दिव्यांग बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, पुनर्वास एवं सामाजिक सहभागिता के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी साझा की। उन्होंने अभिभावकों को बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए नियमित रूप से शिक्षा एवं पुनर्वास गतिविधियों से जोड़ने के लिए प्रेरित किया।
बैठक में आधार कार्ड एवं जन आधार कार्ड में मोबाइल नंबर अपडेट करवाने तथा जन आधार का वार्षिक अपडेट समय पर कराने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के वार्षिक सत्यापन एवं लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। बैठक के दौरान दिव्यांग बच्चों के अभिभावकों ने दस्तावेज निर्माण, सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने तथा शिक्षा एवं अन्य सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं एवं सुझाव साझा किए। संस्था के प्रतिनिधियों ने उनकी समस्याओं को सुना तथा समाधान के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य दिव्यांग बच्चों एवं उनके परिवारों को सरकारी योजनाओं से जोड़ना, उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा समुदाय में सहयोग एवं सहभागिता को बढ़ावा देना रहा।

admin
Author: admin