DESH KI AAWAJ

जरुरतमंद मरीजों के लिए दौड़ चले रक्तवीर, दुर्लभ बी नेगेटिव व एबी पाॅजिटिव रक्तदान कर बचाई जान, विधायक गौतम ने रक्तदाताओं का किया उत्साह वर्धन

मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर

अजमेर । राजकीय जिला अस्पताल केकड़ी के रक्तकोष विभाग में इन दिनों रक्त की भारी कमी के चलते मरीजों एवं उनके परिजनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल में भर्ती मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध नहीं होने के कारण उपचार प्रभावित हो रहा है। ऐसे संकट के समय केकड़ी क्षेत्र के रक्तवीरों ने मानवता का परिचय देते हुए जरूरतमंद मरीजों के लिए आगे आकर रक्तदान कर मिसाल पेश की।
जानकारी के अनुसार राजकीय जिला अस्पताल केकड़ी एवं स्वास्तिक हॉस्पिटल में भर्ती दो महिला मरीजों को प्रसव पीड़ा के दौरान तत्काल रक्त की आवश्यकता पड़ गई। इनमें एक मरीज का ब्लड ग्रुप अत्यंत दुर्लभ बी नेगेटिव तथा दूसरी महिला का ब्लड ग्रुप एबी पॉजिटिव था। दुर्लभ रक्त समूह होने के कारण परिजन काफी चिंतित हो गए और रक्त की व्यवस्था के लिए इधर-उधर भटकने लगे। इसी दौरान महिला मरीजों के परिजनों ने सामाजिक सरोकारों से जुड़े तथा रक्तदान क्षेत्र में सक्रिय भारत विकास परिषद के सदस्य दिनेश वैष्णव से संपर्क किया। सूचना मिलते ही दिनेश वैष्णव ने केकड़ी क्षेत्र के विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुपों में रक्त आवश्यकता का संदेश प्रसारित किया। संदेश पढ़ते ही कई रक्तवीर तत्काल सहायता के लिए आगे आए और रक्तदान की सहमति प्रदान की।
इस दौरान ग्राम पारा स्थित राजकीय विद्यालय में कार्यरत अध्यापिका गंगा मीणा ने भीषण गर्मी की परवाह किए बिना राजकीय जिला अस्पताल पहुंचकर अपना दुर्लभ बी नेगेटिव रक्तदान किया। यह उनका जीवन का नौवां रक्तदान था। गंगा मीणा पूर्व में भी कई बार आपात स्थिति में अनजान मरीजों के लिए रक्तदान कर चुकी हैं।
वहीं सावर निवासी व्यवसायी सागर भगत जैन, राजपुरा निवासी अध्यापक दीपक वैष्णव तथा माइंस एरिया सावर से पहुंचे सोमनाथ (सोनू) शर्मा ने एबी पॉजिटिव रक्तदान कर मरीजों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। दीपक वैष्णव ने अपना 11वां रक्तदान किया। इसके अलावा दादिया निवासी नौरत खटीक, जो वर्तमान में रिको एरिया केकड़ी में कार्यरत हैं, ने भी ब्लड बैंक पहुंचकर ओ पॉजिटिव रक्तदान किया।
रक्त मिलने के बाद महिला मरीजों के परिजनों ने सभी रक्तदाताओं के प्रति गहरा आभार व्यक्त करते हुए उन्हें मानवता का सच्चा प्रहरी बताया।
इसी दौरान क्षेत्रीय विधायक शत्रुघ्न गौतम ने राजकीय जिला अस्पताल में एक बैठक के सिलसिले में पीएमओ कक्ष में उपस्थित थे। जैसे ही उन्हें जानकारी मिली कि कुछ युवा आपात स्थिति में रक्तदान करने पहुंचे हैं, वे स्वयं ब्लड बैंक पहुंचे और रक्तदाताओं से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया।
विधायक गौतम ने कहा कि केवल एक व्हाट्सएप संदेश पढ़कर भीषण गर्मी में अनजान मरीजों के लिए अपना दुर्लभ रक्तदान करने पहुंचना वास्तव में प्रेरणादायी और अनुकरणीय कार्य है। उन्होंने कहा कि केकड़ी क्षेत्र में जब-जब रक्त की आवश्यकता पड़ती है, तब-तब सामाजिक संगठनों से जुड़े कार्यकर्ता एवं रक्तवीर सदैव आगे आकर मानवता की मिसाल पेश करते हैं। विधायक ने सभी रक्तदाताओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं का धन्यवाद ज्ञापित किया।
रक्तदान अभियान को सफल बनाने में ब्लड बैंक के वरिष्ठ लैब टेक्नीशियन महावीर विजयवर्गीय, पदम जैन, महावीर झांकल, नर्सिंग स्टाफ अंकित एवं आदिति चावला ने भी महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।
अंत में रक्तदान क्षेत्र में सक्रिय दिनेश वैष्णव ने सभी रक्तवीरों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केकड़ी क्षेत्र के युवा समय-समय पर निस्वार्थ भाव से जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्तदान कर मानव सेवा का श्रेष्ठ उदाहरण प्रस्तुत करते हैं। उन्होंने कहा कि रक्तदान करने से किसी प्रकार की शारीरिक कमजोरी नहीं आती, बल्कि यह किसी जरूरतमंद मरीज को नया जीवन देने का सबसे बड़ा माध्यम बनता है।

admin
Author: admin