खोडा गणेश जी का वार्षिक मेला भरा बडे धूमधाम से
खोडा गणेश जी का वार्षिक मेला भरा बडे धूमधाम से
भक्तों ने गणेशजी के दर्शन कर मेले का उठाया लुफ्त
मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर
अजमेर । रक्षाबंधन से पहले आने वाले रविवार को परंपरा के अनुसार किशनगढ़ के नजदीकी सालों पुराने ऐतिहासिक खोड़ा गणेश मंदिर में रविवार को वार्षिक मेला बडे धूमधाम से भरा। मेले में शामिल होकर भगवान गणेश का आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए किशनगढ़, अजमेर समेत आस-पास के गांवों और जिलों से श्रद्धालु किशनगढ़ क्षेत्र के खोडा गणेश मन्दिर पहुंचे। मेले में हजारों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर विनायक के चरणों में अपनी आस्था के फूल समर्पित किए। दिन भर ग्रामीणों की चहल-पहल रही। मेले की पूर्व संध्या पर यहां भजन संध्या का आयोजन किया गया। रविवार अल सुबह मन्दिर पुजारी गणपतलाल वैष्णव , सुभाषचंद्र वैष्णव एवं समस्त रामरंगी ( वैष्णव ) परिवार ने भगवान गणेश की मंगला आरती की।
मेले में किशनगढ़, अजमेर, गेगल, गगवाना, श्रीनगर, तिहारी, रलावता, छातड़ी, घूघरा सहित आस-पास के सैकड़ों भक्तों ने हिस्सा लिया। खोड़ा गणेश मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने मंदिर में विधि-विधान से पूजा अर्चना की। सुबह से ही मंदिर में भक्तों का हुजूम आना शुरू हो गया। ये सिलसिला पूरे दिन भर चलता रहा। मेले में राजस्थानी परिधान से सजे ग्रामीणों ने देवाधिदेव गणपति की पूजा-अर्चना की। विभिन्न गांवों से आई महिलाएं भगवान गणेश जी के लोकगीत गाते हुए मेले मे पहुंची। दूर-दूर से आने वाले भक्त अपने घरों से चूरमा बाटी का प्रसाद बनाकर लाए और देवाधिदेव गणपति को भोग लगाया। वही मेले मे सभी भक्तों ने अपने परिवार-समाज की सुख-समृद्धि व मंगल कामना आशीष मांगा। मेले में ग्रामीण महिलाओं ने मणिहारी की दुकानों से खूब खरीदारी की। ग्रामीणों ने झूलों के साथ खाने-पीने का भी आनंद लिया।
मेले में आए लोगों ने सर्वप्रथम गणेशजी के दर्शन कर उन्हें लड्डू, गुड़, बर्फी, फूल और नारियल भी अर्पित किए। लोगों ने मनौतियों के धागे भी बांधे। बच्चों और युवाओं ने झूलों का आनंद लिया।
मेले के मौके पर सवेरे से मंदिर से करीब 1 किलोमीटर पहले मैन रोड किनारे स्थित हरि मनोकामना पूर्ण मंदिर में बाबा श्रीश्याम मंदिर निर्माण विकास समिति ने श्रद्धालुओं के लिए जल-पान की व्यवस्था की। विकास समिति के हरिओम अग्रवाल ने बताया कि पैदल यात्रियों के लिए इंतजाम किए गए है।
मेले की पूर्व संध्या पर मंदिर परिसर में भजन संध्या का आयोजन हुआ। इसमें केआर म्यूजिकल ग्रुप सीकर की भजन प्रार्टी ने संगीतमय धुनों पर तेज सिंह राठौड़ जयपुर, पप्पू शर्मा अमरसर, श्याम जगत के भजन गायक संतोष व्यास (रींगस धाम), विशाल दुधानी, भगवान सिंह राठौड़ और सोनू बाईसा ने एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुत कर भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। भजन संध्या में हर कोई गणेश भक्ति की भावना से ओतप्रोत भजनों पर झूम रहा था। गायकों ने भजनों की ऐसी धारा प्रवाहित की कि उसमें हर कोई डूब भक्ति का इजहार करने लगा। रात से सवेरे तक चली भजन संध्या में भगवान गणेश को वंदन-नमन करते हुए गायकों ने उनकी आराधना में एक से बढ़कर एक भजनों की ऐसी प्रस्तुति दी गई कि पूरे माहौल में भक्ति का रंग छा गया। भजनों की प्रस्तुति पर श्रद्धालु दोनों हाथ ऊपर उठाकर उनकी हौसला अफजाई करते रहे।


