व्यावसायिक शिक्षा के तहत विद्यार्थियों ने बीएसएनएल कार्यालय में किया औद्योगिक भ्रमण
-नियामत जमाला-
भादरा, 10 दिसंबर / व्यवसायिक शिक्षा योजना के अंतर्गत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भिरानी के कक्षा 9 व 10 के विद्यार्थियों को औद्योगिक भ्रमण के तहत शुक्रवार को बीएसएनएल (भारत संचार निगम लिमिटेड) भादरा कार्यालय का भ्रमण करवाया गया।विद्यालय से विद्यार्थियों की गाड़ी को प्रधानाचार्य औम प्रकाश ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। भादरा बीएसएनएल कार्यालय में एस. डी. ओ. सुनील गोदारा ने संचार व्यवस्था की विभिन्न गतिविधियों के बारे में सभी 36 विद्यार्थियों को विस्तार से समझाया व पूरे ऑफिस का भ्रमण करवाया।पूरे भ्रमण के दौरान व्यवसायिक प्रशिक्षक (टेलीकॉम) सुनील पूनियां, प्रशिक्षक प्लम्बर कपिल पारेता,प्रभारी सुभाष भंवरिया प्राध्यापक व अध्यापिका श्रीमती सुमन लता साथ मौजूद थे। विदित रहे कि राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भिरानी में कक्षा 9 से 12 तक की पढ़ाई के साथ व्यावसायिक शिक्षा की कक्षाएं संचालित होती है।व्यावसायिक शिक्षा योजना के तहत टेलीकॉम व प्लम्बर ट्रेड की प्रत्येक की 40- 40 सीटें स्वीकृत है।कक्षा 9 से 12 तक साथ में व्यावसायिक शिक्षा की पढाई करने पर विद्यार्थियों को स्टेट स्किल कांऊसिंल से तकनीक शिक्षा का लेवल 4 का प्रमाण पत्र मिलता है।
फोटो- बीएसएनएल कार्यालय में भ्रमण के दौरान विद्यार्थी व अन्य