राजगढ़ भेरू धाम पर बेकाबू बस पुलिस चौकी में घुसी, तीन लोगों की मौत:ब्रेक फेल होने से हुआ हादसा, घायलों का इलाज जारी

राजगढ़ भेरू धाम पर बेकाबू बस पुलिस चौकी में घुसी, तीन लोगों की मौत:ब्रेक फेल होने से हुआ हादसा, घायलों का इलाज जारी

मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर

अजमेर । अजमेर के नसीराबाद सदर थाना क्षेत्र में राजगढ़ धाम चौकी के पास सोमवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे पार्किंग से निकली प्राइवेट बस के ब्रेक फेल हो गए। इससे बस ढलान पर अनियंत्रित होकर पुलिस चौकी में जा घुसी। बस ने वहां बैठे तीन लोगों को कुचल दिया, जिससे तीनों की मौके हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में भंवर लाल पुत्र सुंदर लाल निवासी ढाणी लक्ष्मीपुर खरेड़ा (टोंक) और कमलेश कुमार पुत्र मांगीलाल निवासी खटीकों का मोहल्ला, राजगढ़ (अजमेर) के साथ जगदीश चंदर शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं लालसिंह पुत्र जोरसिंह (60) निवासी पाली और निशा पत्नी रामावतार निवासी अलवर घायल हो गए। घायलों को जेएलएन हॉस्पिटल में इलाज के लिए एडमिट कराया गया है।
पुलिस चौकी में घुस गई अनियंत्रित बस
एडिशनल एसपी सिटी महमूद खान ने बताया- मसाणिया राजगढ़ भैरव धाम में स्थापना दिवस मनाया जा रहा था। जिसके कारण श्रद्धालुओं की भीड़ दर्शन के लिए पहुंची थी। इसी दौरान अनियंत्रित प्राइवेट बस पुलिस चौकी में जा घुसी और वहां बैठे यात्रियों को कुचल दिया। हादसे में तीन लोगों की मौत हो चुकी है। घायलों में महिला और एक बुजुर्ग को इलाज के लिए जेएलएन अस्पताल में एडमिट करवाया गया है।

कलेक्टर-एसपी ने मांगी रिपोर्ट
नसीराबाद सदर थाना क्षेत्र में हुए हादसे के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार जिला कलेक्टर भारती दीक्षित व एसपी चुनाराम जाट की ओर से हादसे को लेकर अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी गई है। एडिशनल एसपी सिटी महमूद खान भी अस्पताल पहुंचे और घायलों से हादसे को लेकर जानकारी ली है।
बस के अंदर और छत पर भी यात्री बैठे थे
प्रत्यक्षदर्शी देवीलाल सोनी ने बताया- राजगढ़ धाम मंदिर में दर्शन करने के लिए काफी संख्या में भीड़ पहुंची थी। हम लोग भी एक बस लेकर दर्शन करने गए थे। यहां की पार्किंग से एक प्राइवेट बस निकली, जिसमें काफी यात्री थे। बस के अंदर और छत पर भी यात्री बैठे थे।
पार्किंग से निकलते ही बस खराब हो गई तो लोगों ने बस को धक्का मारा। धक्का मारने के दौरान बस अनियंत्रित हो गई और चौकी में घुस गई। यहां मौजूद कुछ लोगों को बस ने कुचल दिया, जिनमें से तीन की मौके पर ही मौत हो गई।

21वां वर्षगांठ समारोह मनाने पहुंचे थे श्रद्धालु

राजगढ़ स्थित मसाणिया भैरव धाम पर मनोकामना पूर्ण स्तंभ का 21वां वर्षगांठ समारोह श्रद्धापूर्वक एवं धूमधाम से आयोजित किया जा रहा था। कार्यक्रम को लेकर राजस्थान के विभिन्न जिलों से श्रद्धालु राजगढ़ धाम पहुंचे थे। इसी दौरान सोमवार को यह हादसा हो गया।

Author: admin

Comments (0)
Add Comment