मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर
अजमेर । आस्था, अध्यात्म और संस्कृति की राजधानी पुष्कर आज फिर रंगों में सराबोर होगी।
अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त पुष्कर मेला 2025 का आज गुरुवार को वैदिक मंत्रोच्चार, पूजन और ध्वजारोहण के साथ रंगारंग आगाज होगा।
मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी सुबह 11 बजे मेला मैदान में राष्ट्रगान की गूंज के बीच तिरंगा फहराकर मेले का शुभारंभ करेंगी। इस मौके पर जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत, कलेक्टर लोकबंधु, एसपी वंदिता राणा और जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।
101 नगाड़ों की थाप और 200 छात्राओं के लोकनृत्य से शुभारंभ समारोह रंगों से भर उठेगा।
सवा लाख दीपों से जगमगाएगा सरोवर — पुष्कर बनेगा
प्रकाश पर्व का प्रतीक
शाम को पुष्कर सरोवर के 52 घाटों पर सवा लाख दीपों का दीपदान होगा।
हर घाट पर रंगोली, झांकियां और दीपों की कतारें आस्था और सौंदर्य का संगम रचेंगी।
दीया कुमारी स्वयं दीपदान और महाआरती में शामिल होंगी। सरोवर की लहरों पर झिलमिलाते दीपों का दृश्य हर हृदय को भक्ति में डुबो देगा।
नगर परिषद ने सजाया पूरा पुष्कर
स्वच्छता और सुरक्षा के बने नए मानक
इस बार नगर परिषद पुष्कर की तैयारियां लाजवाब हैं।
शहर के हर कोने को दुल्हन की तरह सजाया गया है —
घाटों पर रेडियम टेप, सुरक्षा रस्से, रंगीन झंडियाँ, और सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं ताकि श्रद्धालु सुरक्षित रूप से दीपदान और आरती का आनंद ले सकें। नगर परिषद की टीम ने पूरे क्षेत्र की निरंतर सफाई व्यवस्था, कचरा निस्तारण, और प्रकाश व्यवस्था को नया रूप दिया है।
हर दिशा में लिखा है
“भव्य पुष्कर, दिव्य पुष्कर, स्वच्छ पुष्कर”
ब्रह्मा मंदिर भी सजा अद्भुत भक्ति के रंग में
इस बार अस्थायी ब्रह्मा मंदिर कमेटी की ओर से किए गए प्रयासों से
पवित्र ब्रह्मा मंदिर को अलौकिक सजावट से सुसज्जित किया गया है। फूलों की झालरें, रोशनी की लड़ियाँ और मंदिर की आभा से झिलमिलाता हर कोना — श्रद्धालुओं को अद्भुत अनुभव देगा।
ब्रह्मा मंदिर और घाटों पर पुलिस व सुरक्षा कर्मी भी तैनात हैं ताकि श्रद्धालु निश्चिंत होकर दर्शन कर सकें।
गोपाष्टमी पर भक्ति का महासंगम
आज गोपाष्टमी के पावन अवसर पर श्री तीर्थ पुरोहित संघ ट्रस्ट द्वारा ब्रह्म घाट पर महा आरती और अन्नकूट महोत्सव का आयोजन होगा।
घाट को दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है — छप्पन भोग की झांकी, दीपों की पंक्तियाँ और रंगोली पुष्कर की आध्यात्मिक भव्यता को नया आयाम देंगी। सांस्कृतिक शामें होंगी यादगार
2 नवंबर को पद्मश्री गुलाबो सपेरा,
3 नवंबर को रूप कुमार-सोनाली राठौड़ की मधुर प्रस्तुतियां मेले को अविस्मरणीय बनाएंगी।
लंगड़ी टांग, रस्साकशी, साफा बांधो, मूंछ प्रतियोगिता और लगान क्रिकेट जैसे देसी खेल मेले को जीवंत बनाएंगे।
पशु मेला भी अपने पूरे शबाब पर
अब तक 5308 पशु पहुँच चुके हैं — जिनमें 3827 घोड़े और 1479 ऊंट शामिल हैं।
देशी-विदेशी व्यापारी और सैलानी हर ओर रौनक बढ़ा रहे हैं।
सुरक्षा और चिकित्सा पर प्रशासन का पूरा फोकस
24 घंटे स्वास्थ्य सुविधा, मोबाइल टीम, अतिरिक्त पुलिस जाप्ता, और CCTV मॉनिटरिंग —
हर स्तर पर व्यवस्थाएं सुदृढ़ हैं ताकि श्रद्धालु और पर्यटक पूर्ण सुरक्षा के साथ इस दिव्य मेले का आनंद उठा सकें।
आज के प्रमुख कार्यक्रम:
10 बजे – ध्वजारोहण व नगाड़ा वादन, 10:30 बजे – मांडणा प्रतियोगिता व लोकनृत्य,
11 बजे – देशी-विदेशी फुटबॉल मैच, 6 बजे – सरोवर के घाटों पर दीपदान व महाआरती,
6:30 बजे – वॉइस ऑफ पुष्कर मंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रम,
7:30 बजे – रविंद्र जॉनी का लाफ्टर शो और म्यूज़िक नाइट
“दीपों की लौ में झिलमिलाता पुष्कर… जहां आस्था, संस्कृति और सफाई का संगम रचता है अद्भुत दृश्य।