राजगढ़ धाम में हजारो ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ रैली मे लिया संकल्प
कन्या भ्रूण हत्या बंद करो – से गूंजा राजगढ़ धाम
मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर
अजमेर । नसीराबाद क्षेत्र के राजगढ स्थित श्री मसाणिया भैरव धाम राजगढ़ पर श्री मसाणिया भैरव धाम चैरीटैबल ट्रस्ट के तत्वावधान में चम्पालाल महाराज के सान्निध्य व पूर्व सभापति सुरेंद्र सिंह शेखावत की उपस्थिति में रविवार को आए हुए देश-प्रदेश के श्रद्धालुओं के साथ बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ रैली निकाली । जिसमे देश भर के हजारो की संख्या में भक्तो ने भाग लेते हुए महाराज की प्रेरणा से कन्या भूण हत्या रोकने का तथा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का संकल्प लिया। धाम के प्रवक्ता अविनाश सेन ने बताया कि रैली चक्की वाले बाबा के मंदिर से होती हुई मुख्य मंदिर में आई। रैली में भाग लेने वाले श्रद्धालुओं ने ‘कन्या भ्रूण हत्या महापाप है’, ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ जैसे कई नारों से पूरे राजगढ़ गाँव को गुंजायमान कर दिया। रैली में सभी श्रद्धालुओं ने श्रद्धा व भक्तिभाव से भाग लिया। रैली की शुरूआत से पहले प्रातः चम्पालाल महाराज ने माँ कालिका व बाबा भैरव की पूजा अर्चना की। श्रद्धालु सायंकाल आरती तक धाम पर आकर परिक्रमा करते रहे और बाबा भैरव व माँ कालिका के समक्ष शीश झुकाकर चम्पालाल महाराज से आशीर्वाद प्राप्त करते रहे।
मां चाहिए बहन चाहिए , पत्नी चाहिए तो बेटी क्यों नहीं चाहिए – चम्पालाल महाराज
रैली से पूर्व चम्पालाल महाराज ने आए हुए हजारो श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा हम सबको मां चाहिए , बहन चाहिए , पत्नी चाहिए तो बेटी क्यों नहीं चाहिए? शिक्षित बेटी दो परिवारों का भाग्य जगाती है इसलिए सरकार द्वारा बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, देश बचाओ अभियान का हम सभी को समर्थन करना चाहिए और समाज को लड़कियों को शिक्षित करने के लिए आगे आना चाहिए। कन्या भ्रूण हत्या महापाप है जिसका कोई प्रायश्चित नहीं होता। उन्होंने यह भी कहा कि अजमेर पुलिस प्रशासन द्वारा स्पिकअप अभियान का शुभारंभ किया गया है जिसका मकसद लड़कियों और महिलाओं को किसी भी अपराध के खिलाफ सामने आने के लिए मंच प्रदान करना है । साथ ही महिलाओं के बारे में समाज की मानसिकता को बदलना है। स्पीक अप मोबाइल ऐप के जरिए पुलिस किसी भी जरूरतमंद महिला की लोकेशन पता कर सकेगी। इसका मकसद महिलाओं को कानूनी अधिकार देने के साथ-साथ समाज से लैंगिक भेदभाव को भी दूर करना है। इस ऐप के जरिए महिलाओं ने अजमेर सहित प्रदेश के 4 जिलों में अपराध के खिलाफ आवाज उठाई है। इस अवसर पर महाराज ने आने वाले समस्त श्रृद्धालुओं से बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का आह्वान किया तथा दोनों हाथ ऊपर उठाकर बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का संकल्प भी दिलाया।
रैली कार्यक्रम की सुचारू व्यवस्था संभालने के लिए व्यवस्थापक ओमप्रकाश सेन, अविनाश सेन, मुकेश सेन, रमेश सेन, राहुल सेन, सागर सेन, कैलाश सेन के साथ कपिल, यश, मिलन, युवराज, वैभव, भव्य, मिताली, वंशिका, बुलबुल, मनीष, दीपक, सुरेश, पुनीत, धर्मेन्द्र, युवनेष, चेतन आनन्द, श्रवण, मनोहर, सुरेश, परिक्षित, बलराम, आदि का योगदान महत्वपूर्ण रहा।