बूबानिया मे रामदेव जी महाराज की मूर्ति व कलश स्थापना हुई
मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर
अजमेर । नसीराबाद उपखंड के ग्राम बूबानिया में श्री रामदेव जी महाराज की मूर्ति स्थापना एवं मंदिर पर कलश स्थापना बड़े ही धूमधाम के साथ की गई । जिसमें सैकड़ों महिलाओं ने एक दिन पूर्व कलश यात्रा निकाली एवं रात्रि मे जागरण का आयोजन किया गया । इस धार्मिक कार्यक्रम के प्रति ग्रामीणों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला । मंदिर की स्थापना मेघवंशी समाज के आर्थिक सहयोग एवं सामाजिक स्तर पर ही की गई । मूर्ति स्थापना से पूर्व हवन में लगभग सैकड़ों महिलाओं एवं पुरुषों ने यज्ञ में आहूति देकर गांव व क्षेत्र में खुशहाली की कामना की । कार्यक्रम मे राजस्थान खो-खो संघ के उपाध्यक्ष एवं भामाशाह समाजसेवी भंवर सिंह पलाड़ा , विधायक राम नारायण गुर्जर , श्रीनगर पंचायत समिति प्रधान श्रीमती कमलेश गुर्जर , देरांठू सरपंच विजेंद्र सिंह राठौड़ , झड़वासा सरपंच भंवर सिंह गौड़ , नांदला सरपंच मानसिंह रावत एवं जिला परिषद सदस्य परमेश्वरी देवी और गांव के समाजसेवी भूपेंद्र सिंह , रामप्रसाद , लाला राम , मोहन राम , दिनेश , गणपत , शिवराज , मुकेश प्रधान उपस्थित रहे । इस अवसर पर समाजसेवी भामाशाह पलाड़ा ने अपने उद्बोधन में भगवान शंकर जी के जयकारे के साथ भगवान रामदेव जी का जीवन चित्रण किया । उन्होंने कहा कि भगवान रामदेव जी ने कभी भी किसी के साथ भेदभाव नहीं किया एवं समाज में सामाजिक एकता पर जोर दिया और उन्होंने ऊंच-नीच के भेदभाव को मिटाया । पलाडा ने अपने उदबोधन के दौरान समाज के विश्राम स्थली के लिए 4 लाख रुपए देने की घोषणा की । कार्यक्रम मे आये पलाडा को ग्रामीणों एवं बनेवड़ा संघर्ष समिति के जितेंद्र सिंह ने ज्ञापन देकर मांग की रेल्वे स्टेशन नसीराबाद से लेकर बूबानिया तक की सड़क जो कि 15 साल पूर्व बनी थी वह अधूरी पड़ी है । जिसका निर्माण कार्य अब जल्द से जल्द पूरा हो । साथ ही वर्तमान में जो बाघसुरी से भवानीखेडा तक सड़क बनी है उसमें भी ठेकेदार ने घोर लापरवाही करते हुए कार्य पूर्ण का बोर्ड लगा दिया जबकि करीबन आधा किलोमीटर सड़क खुदी पडी हुई है । जिससे क्षेत्र के ग्रामीणों में रोष व्याप्त है । रोड पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीण चोटिल हो रहे हैं और आवागमन भी बाधित हो रहा है । जिस पर समाजसेवी पलाड़ा ने आश्वासन दिया कि इस कार्य को संज्ञान में लेकर जल्द से जल्द पूरा कराया जाएगा । इस मौके पर आसपास के क्षेत्रों से आये सैकड़ों ग्रामीणों ने रामदेव जी के मंदिर पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया ।