मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर
अजमेर । वैष्णव बैरागी समाज परिक्षेत्र केकड़ी छात्रावास के तत्वावधान में आगामी 1 मई 2026 को प्रथम निशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। समाज के इस महत्वपूर्ण आयोजन को सफल बनाने के लिए वैष्णव छात्रावास समिति के पदाधिकारी क्षेत्र में सक्रिय रूप से जनसंपर्क कर रहे हैं और समाजबंधुओं से सहयोग की अपील कर रहे हैं।
समिति के पदाधिकारी इन दिनों मेवदाकला, चौसला कॉलोनी, बघेरा, भासु, दाबडदुंबा और टोडारायसिंह सहित आसपास के गांवों का दौरा कर समाज के परिवारों से भेंट कर रहे हैं। इस दौरान उन्हें सामूहिक विवाह सम्मेलन के निमंत्रण पत्र भी प्रदान किए जा रहे हैं तथा आयोजन को सफल बनाने के लिए सहयोग राशि व दान देने का आग्रह किया जा रहा है। समाज के लोगों में भी इस आयोजन को लेकर काफी उत्साह देखने को मिल रहा है और कई दानदाताओं ने विवाह योग्य जोड़ों के लिए उपयोगी सामग्री देने की घोषणा की है। इसी क्रम में मेवदा कॉलोनी निवासी हरिओम वैष्णव पुत्र ईश्वरदास वैष्णव ने 1 मई को केकड़ी स्थित वैष्णव छात्रावास में होने वाले सामूहिक विवाह सम्मेलन में प्रत्येक जोड़े को बाजोट, तोरण, पीड़िया, खुटिया तथा तोरण छड़ी देने की घोषणा की है।
वहीं बघेरा निवासी नवल किशोर वैष्णव टीलावत पुत्र बजरंगदास वैष्णव ने सभी जोड़ों को बेडशीट व तकिया कवर देने का संकल्प लिया है। इसी प्रकार बघेरा निवासी जगदीश प्रसाद वैष्णव टीलावत पुत्र स्वर्गीय महंत सीतारामदास वैष्णव ने सम्मेलन में शामिल सभी जोड़ों को अलमारी प्रदान करने की घोषणा की है।
इसके अलावा समाज के कई प्रतिष्ठित व्यक्तियों ने वैष्णव छात्रावास समिति केकड़ी के ट्रस्टी के रूप में आर्थिक सहयोग भी दिया है। दाबडदुंबा निवासी गिरिराज वैष्णव पुत्र जगदीशदास वैष्णव ने 11 हजार रुपये का सहयोग देकर ट्रस्टी बनने की घोषणा की। इसी प्रकार भासु निवासी हरिनारायण वैष्णव (शिक्षा अधिकारी) पुत्र मांगीदास वैष्णव तथा भासु निवासी रतनदास वैष्णव पुत्र कानदास वैष्णव ने भी 11-11 हजार रुपये का सहयोग देकर ट्रस्टी के रूप में सहभागिता निभाई है। वैष्णव छात्रावास समिति केकड़ी ने सभी दानदाताओं व सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के सहयोग से यह सामूहिक विवाह सम्मेलन भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी और समाज में एकता व सहयोग की भावना मजबूत होगी।
सामूहिक विवाह सम्मेलन की तैयारियों को लेकर वैष्णव बैरागी छात्रावास अध्यक्ष सीताराम वैष्णव (डाबर) के नेतृत्व में समिति के सदस्य सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। इस दौरान रामधन वैष्णव (शेषपुरा), गोपाललाल वैष्णव, रामस्वरूप वैष्णव (चौसला) और बृजकिशोर वैष्णव (बघेरा) सहित कई समाजबंधु आयोजन की तैयारियों में जुटे हुए हैं और अधिक से अधिक समाजजनों से सहयोग की अपील कर रहे हैं।