गोगामेड़ी के गोगाजी मन्दिर व संत गोरखनाथ मन्दिर के पट खुले श्रद्धालुओं के लिए
-नियामत जमाला-
भादरा,3अक्टूबर / गोगामेड़ी में 7 अप्रैल 2021 से बन्द हुए उतर भारत के प्रसिद्ध गोगाजी मन्दिर एवं श्रीगोरखनाथ धूणा मन्दिर रविवार को जिला कलैक्टर के आदेश पर श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए है। ज्ञातव्य रहे कि 21 मार्च 2020 से अब तक कोरोना महामारी के चलते 20 माह में मात्र 3 माह मन्दिर के पट 6 जनवरी 2021 से 7 अप्रैल 2021 तक खोले गए थे बाद में कोरोना महामारी के चलते पुन: बन्द कर दिया गया। गोगाजी मन्दिर के बन्द रहने के चलते गत दो वर्षो से लाखों श्रद्धालुओं से भादवा माह में भरने वाले गोगाजी मेले का आयोजन भी वर्ष 2020 व 2021 में नहीं हुआ हालांकि श्रद्धालु हजारों की संख्या में पहुंचते रहे व मन्दिर के बाहर से ही धोक लगाकर अपनी श्रद्धा जताते रहे। गोगाजी मन्दिर देवस्थान विभाग के निर्देश पर रविवार को निरीक्षक मोहनलाल तिवाड़ी ने गोगाजी मन्दिर के पट श्रद्धालुओं के लिए खुलवाए वहीं नोहर उपखण्ड अधिकारी श्वेता कोचर ने गोगामेड़ी पहुंच कर संत श्री गोरखनाथ मन्दिर के पट श्रद्धालुओं के लिए खुलवाएं। नोहर उपखण्ड अधिकारी श्वेता कोचर ने गोगाजी मन्दिर का निरीक्षण करते हुए देवस्थान विभाग के निरीक्षक को निर्देशित किया कि गोगाजी मन्दिर में वैक्सीन लगवाए बिना कोई कर्मचारी नहीं रहना चाहिएं एवं मास्क व सोशल डिस्टैंस की पालना करनी आवश्यक है। उपतहसीलदार कालूराम को भी निगरानी करने के निर्देश दिए गए। संत श्रीगोरख नाथ मन्दिर के पट खुलवाने के दौरान उपखण्ड अधिकारी ने धूणां प्रन्यास के प्रभारी संत रूपनाथ के साथ विचार-विमर्श किया व कोरोना को लेकर राज्य सरकार की गाइड लाइन की पालना करने के निर्देश दिए। उपखण्ड अधिकारी के साथ गोगामेड़ी थाना प्रभारी बिशन सहाय, सुरेश शारदा, कमलेश देवी, भवानीसिंह, सुलेखन सिंह, कृष्ण वालिया, नरेन्द्र शर्मा व अन्य ग्रामीण उपस्थित थे। ग्रामीणों ने मेला क्षेत्र में सफाई की व्यवस्था की पूरी निगरानी करवाने की मांग की।