महिला को अविवाहित बताकर युवक से की धोखाधड़ी दलाल ने खुद को बताया पुलिसकर्मी , लुटेरी दुल्हन लाखों के जेवरात व नगदी लेकर हुई फरार
मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर
अजमेर । अजमेर के अलवर गेट थाना अंतर्गत हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी युवक से धोखाधड़ी की वारदात सामने आई है। महिला ने खुद को अविवाहित बताकर पीड़ित से शादी कर ली और बाद में 1 दिन घर रहने के बाद लाखों के जेवरात और नगदी लेकर फरार हो गई।
शादी कराने वाले दलाल ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर महिला से शादी करवाई थी। पीड़ित ने मामले की शिकायत अलवर गेट थाना पुलिस को दी है। पुलिस ने आरोपी महिला और उसके माता-पिता सहित दलाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बड़ी उम्र का बताकर ढाई लाख मांगे
अलवर गेट थाना पुलिस के अनुसार हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी करण सिंह पुत्र मदन सिंह ने शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत में पीड़ित ने बताया कि राजा सर्किल निवासी रामचंद्र खींची से उसकी मुलाकात हुई थी।
जिसने खुद को पुलिसकर्मी बताया और शादी का कार्य करने का भी काम बताया था। जिसके बाद रामचंद्र के द्वारा माखुपुरा निवासी अजीत सिंह और उसकी पत्नी मनीषा सिंह से मुलाकात करवाई। जिसकी बेटी सिमरन को अविवाहित बताकर शादी करवाने के बात कही थी। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि दोनों परिवारों को मिलवाने के बाद दलाल रामचंद्र खींची ने उसे विश्वास दिलाया कि महिला सिमरन अविवाहित है, उसका पहले कहीं विवाह नहीं हुआ है। जिसके बाद उसकी बातों में आकर शादी के लिए हां कर दी। बाद में दलाल खींची ने वर-वधू के उम्र का अंतराल ज्यादा बताकर पीड़ित से ढाई लाख रुपए डिमांड की।
जिसके बाद पीड़ित ने अलग-अलग किस्तों में करीब 1 लाख रुपए एडवांस दिए। बाद में महिला सिमरन के साथ 500 रुपए स्टांप पेपर पर लिखवा कर शादी करवाई। पीड़ित युवक ने बताया कि विवाह के एक दिन बाद ही सिमरन को उसके माता-पिता बहाना बनाकर ले गए। वह 70 हजार रुपए नगदी के साथ ही लाखों के पायजेब, मंगलसूत्र, नाक की लोंग सहित अन्य गहने पहन कर ले गई। एक दिन रुकती और बहाना बनाकर चली जाती
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि शादी के बाद से सिमरन अपने माता पिता के साथ आती और 1 दिन रुक कर वापस चली जाती थी। इसके साथ ही वह पीड़ित को मारपीट और प्रताड़ित करने का आरोप लगाने की बात कहकर धमकाती थी।
पीड़ित ने बताया कि इस दौरान उसे पता चला कि महिला सिमरन की पहले से ही यशवंत सिंह नाम के व्यक्ति से शादी हुई है। जिससे अभी तक तलाक नहीं हुआ है। पीड़ित ने बताया कि जब इस बारे में उसने पड़ताल की तो उसे पता चला कि दलाल रामचंद्र खींची रिटायर्ड पुलिसकर्मी है, जिसको सभी तथ्यों की जानकारी थी।
इसके बावजूद भी उसने आरोपियों से मिलकर रुपए व जेवरात हड़पने के लिए महिला की दूसरी शादी को छुपाया और विवाह का नाटक कर दो लाख 22 हजार रुपए नगदी और लाखों के जेवरात हड़प कर फरार हो गए।
अब उसे जान से मारने की धमकी दी जा रही और इसके साथ ही बलात्कार के झूठे केस में फंसाने की धमकी दी गई है। पीड़ित ने बताया कि आरोपी रिटायर्ड पुलिसकर्मी और उसके परिवार जन उसे ब्लैकमेल कर 2 लाख की अवैध डिमांड कर रहे हैं, जिससे वह काफी परेशान है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।