अजमेर में 20 से 22 अगस्त तक होगी राज्य स्तरीय सृजनात्मक प्रतियोगिता

माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की प्रतियोगिता में 27 जिलों के करीब 170 विधार्थी होंगे शामिल

मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर

अजमेर । माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, राजस्थान की ओर से सत्र 2025-26 की राज्य स्तरीय सृजनात्मक प्रतियोगिता का आयोजन 20 से 22 अगस्त तक अजमेर स्थित सूचना केंद्र में किया जाएगा। प्रतियोगिता के आयोजन की जिम्मेदारी महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय रामनगर को सौंपी गई है।
जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती दर्शना शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह गुरुवार, 20 अगस्त को प्रातः 11.30 बजे सूचना केंद्र में आयोजित किया जाएगा। समारोह में माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष हनुमान सिंह राठौड़ मुख्य अतिथि तथा बोर्ड के सचिव कैलाश चंद्र शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी प्रेम चंद अजमेरा करेंगे।
प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर बुधवार को बैठक आयोजित की गई। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों की प्रतिभा एवं सृजनात्मक अभिव्यक्ति को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से निबंध, आशु भाषण, क्विज, चित्रकला एवं एकल गीत सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी।
आयोजक संस्था प्रधान राजीव दीक्षित ने बताया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश के 27 जिलों से लगभग 170 प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है। बाहर से आने वाले प्रतिभागियों के आवास एवं भोजन की व्यवस्था आरटीडीसी होटल अजयमेरु में की गई है। आयोजन को लेकर विभिन्न व्यवस्थाओं एवं प्रतियोगिताओं के सफल संचालन के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता एवं अभिव्यक्ति कौशल प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर प्रदान करेगी। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना के साथ-साथ सृजनात्मक सोच को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

Author: admin

Comments (0)
Add Comment