मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर
अजमेर। फिल्म और फैशन जगत के संगम का एक भव्य नज़ारा उस समय देखने को मिला, जब हाल ही में आयोजित एक प्रतिष्ठित फिल्म फेस्टिवल में SRK फिल्म प्रोडक्शन से जुड़ी प्रड्यूसर भावना शर्मा ने शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने आगामी ग्लैम बॉलीवुड फैशन शो के आधिकारिक पोस्टर का विमोचन किया। कार्यक्रम में फिल्म, फैशन और मीडिया जगत से जुड़े कई प्रतिष्ठित चेहरे मौजूद रहे। जानकारी के अनुसार आगामी अप्रैल माह में आयोजित होने जा रहा ग्लैम बॉलीवुड फैशन शो उभरते हुए प्रतिभाशाली युवाओं के लिए एक बड़ा और सुनहरा मंच साबित होने वाला है। इस शो में प्रतिभागियों को न केवल रैंप पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा, बल्कि चयनित प्रतिभागी को आगामी फिल्म के एक गीत में अभिनय करने का विशेष मौका भी दिया जाएगा। इस आयोजन की खास बात यह है कि केवल विजेता ही नहीं, बल्कि शो में भाग लेने वाले अन्य प्रतिभाशाली प्रतिभागियों में से भी एक या अधिक चेहरों को फिल्म इंडस्ट्री में काम करने का अवसर प्रदान किया जा सकता है। यह पहल नए चेहरों को पहचान दिलाने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है। पोस्टर विमोचन के दौरान भावना शर्मा ने कहा कि ग्लैम बॉलीवुड फैशन शो का उद्देश्य नए और प्रतिभाशाली युवाओं को एक मजबूत मंच प्रदान करना है, जिससे वे अपने सपनों को साकार कर सकें। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे आत्मविश्वास के साथ इस अवसर का लाभ उठाएं और अपनी प्रतिभा को पूरे जोश के साथ प्रस्तुत करें। ग्लैम बॉलीवुड फैशन शो को लेकर युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। माना जा रहा है कि यह आयोजन आने वाले समय में कई नए चेहरों को फिल्मी दुनिया से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगा।