निशक्त कल्याण दिवस के साथ हुआ समाज कल्याण सप्ताह का समापन
हनुमानगढ़, 07 अक्टूबर।राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150 वीं जयंती के उपलक्ष में समाज कल्याण विभाग द्वारा मनाये जा रहे समाज कल्याण सप्ताह का समापन गुरूवार को निशक्त कल्याण दिवस मनाकर किया गया।समाज कल्याण अधिकारी श्री विक्रम सिंह शेखावत की अध्यक्षता में जंक्शन स्थित नवज्योति मूक बधिर एवं पुनर्वास संस्थान में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महात्मा गांधी की 150 वीं जयंती मनाने को लेकर गठित जिला स्तरीय समिति के सहसंयोजक श्री तरूण विजय, बाल कल्याण समिति अध्यक्ष श्री जितेंद्र गोयल,विशिष्ठ अतिथि बाल कल्याण समिति सदस्य श्री विजय सिंह चौहान, श्रीमती अनुराधा सहारण, श्रीमती सुमन सैनी, श्री प्रेम शर्मा और डॉ धर्मवीर कस्वां थे।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर व माल्यार्पण कर की गई।कार्यक्रम में अतिथियों ने कहा कि विशेष बच्चों में भी अथाह प्रतिभाएं छुपी हुई है जरूरत उन्हें पहचान कर तराशने की है। यदि उचित मंच मिले तो आगे जाकर ये भी देश व क्षेत्र का नाम रोशन कर सकते हैं।
कार्यक्रम में समाज कल्याण अधिकारी श्री विक्रम सिंह शेखावत ने विशेष बच्चों के लिए विभाग के माध्यम से सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी और समाज कल्याण सप्ताह के दौरान संचालित विभिन्न गतिविधियों से अतिथियों को विस्तार से अवगत करवाया।
इस अवसर पर विशेष बच्चों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई। डॉ धर्मवीर कस्वां द्वारा बच्चों की जांच की गई। श्री विक्रम सिंह शेखावत, संस्था के व्यवस्थापक श्री रोहताश कड़वासरा,पंडित जसवीर शर्मा द्वारा अतिथियों का स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मान किया गया।अंत मे बच्चों को फल व बिस्कुट वितरित किये गए।इस दौरान वरिष्ठ सहायक श्री विकास कुमार,विशेष बच्चों के शिक्षक श्री बलवंत मेहरा, श्री जसपाल बराड़, श्री राकेश अग्रवाल,श्री रामस्वरूप भाटी आदि मौजूद थे।