सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने बांटे 97 लाख के स्वीकृति पत्र
रिपोर्टर भगवत शर्मा दिव्यांग जगत न्यूज पेपर & चैनल
नारनौल। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ओमप्रकाश यादव ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के हर नागरिक के उत्थान के लिए कृत संकल्पित है। समाज का हर वर्ग बराबरी पर पहुंचे इसी बात के मद्देनजर विभाग विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लोगों का आर्थिक उत्थान कर रहा है। श्री यादव आज पंचायत भवन में आयोजित कार्यक्रम में डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी योजना के 97 लाभार्थियों को 97 लाख के स्वीकृति पत्र वितरित करने के बाद उपस्थितजनों को संबोधित कर रहे थे।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जरूरतमंदों की मदद के लिए हमेशा आगे रहती है। किसी भी कारण से पीछे रहे परिवारों को जन कल्याणकारी योजनाओं से आगे लाने का कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि समय की मांग के अनुसार सरकार ने कई अहम बदलाव किए हैं। आज से विभाग द्वारा विभिन्न योजनाओं के माध्यम से दी जाने वाली पेंशन को परिवार पहचान पत्र के साथ जोड़ दिया गया है। परिवार पहचान पत्र योजना से हर व्यक्ति तक और हर घर तक सरकार की सेवा व योजनाओं का लाभ पहुंचेगा। इस योजना के लागू होने से कोई भी लाभार्थी योजनाओं से नहीं छूट पाएगा। अगर कोई ऐसा परिवार है जिसको योजनाओं की जानकारी नहीं है तो ऐसे परिवारों के पास खुद सरकारी अधिकारी पहुंचेंगे और उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाएंगे।
श्री यादव ने सभी लाभार्थियों से आह्वान किया कि वे इस सहायता राशि का प्रयोग सही तरीके से करें। अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा दें ताकि वे बड़े होकर अपना आर्थिक उत्थान के साथ-साथ समाज व देश की सेवा कर सकें।
इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी अमित शर्मा ने आगंतुकों का स्वागत किया तथा विभाग द्वारा चलाई जा रही योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। मंच संचालन हिंदी प्रवक्ता डॉ.पंकज गौड़ ने किया।
इस कार्यक्रम में रोहताश चैयरमैन, बलीराम यादव, मदन लाल गोगिया ,कालू टांडू, अनुभाग अधिकारी विकास लेखाकार हनुमान सिंह, अन्वेषक गुरजीत सिह के अलावा अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद थे।