बिजली चोरी के दोषी उपभोक्ताओं के घर लगेगा लाल मीटर बॉक्स

बिजली चोरी के दोषी उपभोक्ताओं के घर लगेगा लाल मीटर बॉक्स

प्रबंध निदेशक निर्वाण ने ली अधिशासी अभियंताओं की बैठक

ज्यादा छीजत वाले क्षेत्रों में फीडर सेपरेशन करने तथा पोल पर मीटर बॉक्स लगाने के दिए निर्देश

मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर

अजमेर । अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एन एस निर्वाण ने पंचशील स्थित मुख्यालय पर डिस्कॉम के सभी अधिशासी अभियंताओं की बैठक ली। उन्होंने अभियंताओं को ज्यादा छीजत वाले क्षेत्रों में फीडर सेपरेशन तथा पोल पर मीटर बॉक्स लगाने के निर्देश दिए हैं।
अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एन.एस. निर्वाण ने सभी अधिशासी अभियंताओं को निर्देश दिए कि वे सभी सहायक अभियंताओं तथा अन्य कर्मचारियों का समय पर दफ्तर आना सुनिश्चित करें। आदेश की अवहेलना पर संबंधित अधिकारी व कर्मचारी के विरुद्ध निगम द्वारा अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने बैठक के दौरान बताया कि इस बार छीजत कम करने के लिए अजमेर डिस्कॉम ने उपखंडवार लक्ष्य निर्धारित किए हैं। सभी की जिम्मेदारी है कि निगम द्वारा तय किए गए लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए अपना हरसंभव योगदान दे । उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आप सभी ज्यादा लॉसेस वाले फीडर्स की लगातार मॉनिटरिंग करें। अधिकारी 3 हजार से अधिक आबादी वाले गांव को चिन्हित कर उनके फीडर्स का विश्लेषण करें। जहां ज्यादा चोरी पाई जाती है वहां फीडर सेपरेशन करके तथा पोल पर मीटर बॉक्स लगाकर विद्युत चोरी को रोके।
उन्होंने अधिशासी अभियंताओं को निर्देश दिए कि वे सभी अपने-अपने क्षेत्र के लिए जॉइंट विजिलेंस टीम बनाएं, जिसमें महिला अधिकारी व कर्मचारी को भी शामिल करें। जिन उपभोक्ताओं के बिजली चोरी पकड़ी जाती है, उन उपभोक्ताओं के मीटर वापिस लगाने के दौरान उस पर लाल रंग के बॉक्स लगाएं। सभी अधिकारी अपने क्षेत्रों में इंडस्टि्रयल लॉसेज को एक प्रतिशत से कम रखने का पूरा प्रयास करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि घरेलू, अघरेलू, कृषि और औद्योगिक श्रेणी के उपभोक्ताओं को विद्युत से संबंधित योजनाओं का पूरा लाभ मिले। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए सभी प्रतिबद्ध रहें। मीटर, लाइन, ट्रांसफार्मर और अन्य तरह की उपभोक्ताओं की शिकायतें समय पर निस्तारित हों। उन्होंने बैठक में सभी अधिकारियों से कहा कि अपना काम संवेदनशीलता और समयबद्धता के साथ करें। हमारा विभाग आम उपभोक्ताओं से सीधा जुड़ा विभाग है। हमारी प्राथमिकता उपभोक्ता है इसलिए उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति और उनकी समस्याओं का तत्काल निराकरण होना चाहिए।
उन्होंने बिलिंग स्टेटस, एटी एण्ड सी लोसेज, पीएचईडी कनेक्शन, सरकारी विभागों पर बकाया, हाई रिस्क पॉइंट, बंद एवं खराब मीटर, सर्तकता जांच समीक्षा, कन्ज्यूमर टैगिंग, एनर्जी ऑडिट, फोटो रीडिंग, विद्युत उपभोक्ताओं की शिकायतों के निस्तारण की स्थिति सहित अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली।
बैठक के दौरान पंचशील स्थित मुख्यालय पर निदेशक तकनीकी ए.के.जागेटिया, निदेशक वित्त एम.के.गोयल, मुख्य अभियंता एम.एल.मीणा, टीए टू एमडी राजीव वर्मा सहित सभी अधिशासी अभियंता उपस्थित रहे।

Author: admin

Comments (0)
Add Comment