लापता किशोरी की बरामदगी की मांग को लेकर धरना जारी

लापता किशोरी की बरामदगी की मांग को लेकर धरना जारी
-नियामत जमाला-
भादरा, 5 अक्टूबर / क्षेत्र के गांव गांधीबड़ी से करीब दो सप्ताह पहले लापता हुई किशोरी की एफआईआर दर्ज होने के बाद भी बरामदगी नहीं होने एवं पुलिस व प्रशासन द्वारा कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं करने से आहत होकर किशोरी के परिजन एवं कुछ संगठनों की ओर से स्थानीय उपखंड कार्यालय के समक्ष शुरू किया गया अनिश्चितकालीन धरना मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा है। आज धरना स्थल पर आजाद समाज पार्टी राजस्थान एवं पंचायत समिति सदस्य मुकेश चोपड़ा ने कहा कि पुलिस प्रशासन इस मामले को गम्भीरता से नहीं ले रहा है। अगर जल्द पुलिस प्रशासन हरकत में नहीं आया तो भीम आर्मी भारत एकता मिशन, पीड़ित परिवार एवं अन्य सामाजिक संगठनों को साथ लेकर एस. डी. एम. कार्यालय का घेराव करेगी। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार के द्वारा बार बार गुहार लगाने के बावजूद पुलिस प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की है। मंगलवार को दूसरे दिन भीम आर्मी नगर अध्यक्ष रवि लहरी, राजीव कुमार नगर उपाध्यक्ष, सुरेन्द्र कुमार, सुखराम बरोड़, सुभाष बरोड़, भूपसिंह , बलराज, गगनदीप, सुरेन्द्र कांटीवाल, देवीलाल, छावनियां, सुनील, अयूब खां प्रदेश उपाध्यक्ष मुस्लिम महासभा राजस्थान एवं गुलाब सिंह आदि धरना पर मौजूद थे।

Author: admin

Comments (0)
Add Comment