दिव्यांग जगत संवादाता राजगढ़ (चूरू)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया चूरू कलक्टर सिद्धार्थ सिहाग को सम्मानित
‘खेलो इंडिया‘ में उत्कृष्ट उपलब्धियों और युवाओं की बेहतर भागीदारी के लिए मिला प्रधानमंत्री अवॉर्ड, सिविल सर्विस डे पर विज्ञान भवन में हुए कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने ट्रॉफी एवं बीस लाख रुपये का चेक देकर किया सम्मानित
चूरू, 21 अप्रैल। खेलो इंडिया में उत्कृष्ट उपलब्धियों और युवा खिलाड़ियों की बेहतर भागीदारी के लिए चूरू जिला कलक्टर सिद्धार्थ सिहाग को प्रधानमंत्री अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में गुरुवार को आयोजित 15 वें सिविल सर्विस डे समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चूरू के जिला कलक्टर सिद्धार्थ सिहाग को ट्रॉफी एवं बीस लाख रुपये का चैक प्रदान कर सम्मानित किया।
समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा केंद्रीय मंत्री डॉ जितेंद्र सिंह, कैबिनेट सचिव राजीव गौबा, प्रधान सचिव डॉ पी के मिश्रा सहित विशिष्टजन उपस्थित थे। समारोह के दौरान जिले की खेल गतिविधियों एवं उपलब्धियों पर आधारित डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया गया।
अवॉर्ड पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए जिला कलक्टर सिद्धार्थ सिहाग ने इसका श्रेय जिले के सभी खेल प्रशिक्षकों, सभी खिलाड़ियों, पूर्व एवं वर्तमान जिला खेल अधिकारियों तथा डीआईओ लक्ष्मण सिंह चौधरी को दिया और कहा कि जिले में खेल सुविधाओं में विस्तार करते हुए यह कोशिश की जाएगी कि जिले के खिलाड़ियों का प्रदर्शन भविष्य में और अधिक बेहतर हो। उन्होंने युवा खिलाड़ियों से कहा है कि वे अपनी फिटनेस पर और अधिक ध्यान देते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करें तथा जिले व देश का नाम रोशन करें।