जन्म से ही दोनों हाथ नहीं, पैर भी मुड़े हुए, लेकिन डांस ऐसा कि किसी को भी हैरान कर दे। स्टेज पर जब डांस मूव्स दिखाए तो शो के जज भी रो पड़े। 7 साल के इस दिव्यांग बच्चे का डांस देखकर हर कोई वाह वाह कर रहा था। राजस्थान का यह स्टार अब डीआईडी लिटिल मास्टर में अपना जलवा दिखाएगा।
बॉलीवुड स्टार और कोरियाग्राफर्स को चौंकाने वाला यह स्टार है नागौर के मकराना का डांसर अहमद रजा। रजा हाल ही में डांस शो डांस इंडिया डांस लिटिल मास्टर सीजन 5 में ऑडिशन देने गए थे। इसका टेलीकास्ट दो दिन पहले ही हुआ है। मार्बल फिटिंग का काम करने वाले रजा के पिता फरान अहमद ने बताया कि 16 फरवरी 2014 को अजमेर रजा का जन्म हुआ था। उसका जन्म बिना हाथ और टेढ़े-मेढ़े पैर के साथ हुआ था। बेटे को देखकर सब हैरान हो गए। समझ नहीं आ रहा था आखिर यह किस वजह से हुआ है। पिता फरान ने बताया कि रिश्तेदार जब अहमद को देखते तो यही कहते थे कि इसे अस्पताल में छोड़ दो। किसी ने नसीहत दी कि अनाथ आश्रम में छोड़ दो। मैंने हिम्मत नहीं हारी। उसी दिन सोच लिया कि इसे हीरा बनाऊंगा। एक बार जब इसने डांस स्टेप किया तो मुझमें और हिम्मत आ गई। इसके बाद रजा की डांस क्लास भेजना स्टार्ट किया।
4 साल की उम्र से डांस, रोज 27KM अप-डाउन
अहमद मकराना के एक निजी स्कूल में फर्स्ट क्लास में पढ़ता है। पहली बार सलमान खान के गाने पर डांस करता देख पिता ने 4 साल की उम्र में ही उसे डांस क्लास भेजना शुरू कर दिया था। इससे पहले उदयपुर की एक निजी संस्थान में उसके पैरों का इलाज चला। अहमद डांस क्लास के लिए रोजाना 27 किलोमीटर दूर कुचामन सिटी से अप-डाउन करता है। क्लास जॉइन करने के बाद धीरे-धीरे दिलों पर राज करना शुरू कर दिया। उदयपुर की जिस संस्थान में इलाज चला वहां भी एक बार परफॉर्मेंस दिया था।
शो के जज परफॉर्मेंस देख रो पड़े, बोले: इसके सामने हम कुछ नहीं
22 फरवरी को अहमद रजा ने डीआईडी लिटिल मास्टर सीजन 5 में अपने कोच सेंटी चौहान के साथ ऑडिशन राउंड में परफॉर्म किया। डांस देखकर शो के तीनों जज कोरियोग्राफर रेमो डिसूजा, एक्ट्रेस सोनाली बेंद्रे और मौनी रॉय की आंखों में आंसू आ गए। मौनी रॉय पूरे शो में अपने आंसू तक नहीं रोक पाईं। सोनाली बेंद्रे ने रजा और उसके पिता फरहान की जमकर तारीफ की। रेमो ने शो में रजा को गले लगाया। गोद में उठाकर बोले कि तुम्हारे डांस के सामने हमें कुछ नहीं आता है। हम बौने हैं। इसके बाद तीनों जज ने नेक्स्ट राउंड के लिए अहमद को सिलेक्ट किया।