मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर
राजगढ़ के चाट की पहाड़ियों से खेतों में पहुंचा पैंथर, ग्रामीणों ने 15 मिनिट तक काँटों की बाड़ में मात्र 40 फिट की दूरी पर बैठे हुए देखा, सूचना पर मौके पर पहुंची वनविभाग की टीम
अजमेर । नसीराबाद के निकटवर्ती राजगढ़ के चाट की पहाड़ियों से लच्छीपुरा कालका माता मंदिर के पास खेतों की बाड़ में करीबन 15 मिनिट तक ग्रामीणों ने मात्र 40 फिट की दूरी पर एक पैंथर को बैठे हुए देखा। चाट निवासी राजू सिंह ने बताया कि खेतों की रखवाली हेतु रोजाना की तरह खेत पर गया तो पाया कि काँटों की बाड़ में पैंथर बैठा हुआ है । इस दौरान अन्य ग्रामीणों को सूचना दी तो सुरेन्द्रसिंह, सरपंच प्रतिनिधि कमल बालोटिया व अन्य ग्रामीण भी मौके पर आ पहुँचे । तो एक बार तो वो भी अचंभित रहे गये परन्तु ज्यों ही पैंथर ने भीड़ को देखा तो काँटे की बाड़ कूदकर पहाड़ी की तरफ भाग गया। समाजसेवी फूल सिंह ने वन विभाग की टीम को मौके पर पैंथर के पाये जाने की सूचना दी। वनविभाग की टीम ने मौके पर पहुँचकर पैंथर के पगमार्क लिये। वनपाल कजोड़सिंह ने बताया कि सूचना पर मय टीम मौके पर पहुंच पगमार्क लिये बकायदा इस जंगल में जानवर के होने की पुष्टि हुई है। समय समय पर हम गश्त करते रहेंगें। जरूरत पड़ी तो पिंजरा लगायेंगे। फिर भी ग्रामीणों से सतर्क रहने की बात कही। इस दौरान सहायक वनपाल रंगलाल,वनरक्षक विशाल चावला, पशुरक्षक कानसिंह मौजूद रहे।