बिल जमा नहीं कराया तो कटेगा कनेक्शन
अजमेर डिस्कॉम का राजस्व वसूली के लिए विशेष अभियान 2.0
20 से 30 दिसम्बर तक चलेगा विशेष अभियान
10 हजार से ज्यादा बकाया वाले सभी उपभोक्ताओं से वसूली करना सुनिश्चित करे अधिकारी- निर्वाण
मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर
अजमेर । अजमेर विद्युत वितरण निगम द्वारा बकाया बिल भुगतान के लिए मंगलवार से पुनः सख्ती शुरू कर दी जाएगी। बिल जमा नहीं कराने वालों के कनेक्शन काटे जाएंगे। इसके लिए फील्ड अधिकारियों को 10 हजार से अधिक बकाया वाले प्रतिदिन 10 कनेक्शन काटने या राजस्व वसूली लाने का लक्ष्य सौंपा गया है। निगम द्वारा 20 से 30 दिसम्बर तक राजस्व वसूली का विशेष अभियान चलाया जाएगा। अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एन. एस. निर्वाण द्वारा डिस्काॅम की सभी श्रेणियों के उपभोक्ताओं पर बकाया करोडो रुपयों की वसूली के लिए अधिकारियों के लक्ष्य तय किए गए हैं। निगम का विशेष अभियान दिनांक 20 से 30 दिसम्बर तक चलाया जाएगा। निर्वाण ने बताया कि इस अभियान के तहत डिस्काॅम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राजस्व वसूली करने के लिए उनके प्रतिदिन के लक्ष्य निर्धारित किए गए है। निर्वाण ने बताया कि लक्ष्य के अनुसार प्रत्येक उपखंड के सहायक अभियंता को कनिष्ठ अभियंता, सहायक राजस्व अधिकारी तथा फीडर इंचार्ज की मदद से प्रतिदिन अभियान के दौरान 10 हजार से अधिक बकाया वाले उपभोक्ताओं के कम से कम 10 कनेक्शन प्रति फीडर इंचार्ज या तो काटने होंगे या उनसे राजस्व वसूली करनी होगी। निर्वाण ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस वित्तीय वर्ष में निगम ने 102 प्रतिशत राजस्व वसूली का लक्ष्य लिया है। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी मेहनत एवं लगन के साथ कार्य करे।
प्रबन्ध निदेशक ने बताया कि 25 से 30 नवंबर के मध्य चलाये गए पहले राजस्व वसूली अभियान के तहत निगम के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कड़ी मेहनत कर 37578 उपभोक्ताओं से 153.54 करोड़ रुपयों का राजस्व की वसूली करी थी। इस दौरान निगम की टीम ने बकाया भुगतान नही करने वाले उपभोक्ताओं पर कार्यवाही करते हुए 14184 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काट दिए थे। इन उपभोक्ताओं पर निगम का करीब 24.43 करोड़ रुपयों का बकाया था। प्रबंध निदेशक निर्वाण ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कहा कि इस अभियान में किसी भी तरह की लापरवाही बरतने वाले कार्मिकों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने सभी संभागीय वरिष्ठ लेखाधिकारियों तथा वृत्त लेखाधिकारियों को भी निर्देश दिए कि वे प्रतिदिन इस अभियान की प्रगति की मॉनिटरिंग करेंगे। उन्होंने सभी उपखंड अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे प्रतिदिन की दैनिक प्रगति रिपोर्ट मुख्य लेखाधिकारी (राजस्व) को भेजे। तत्पश्चात मुख्य लेखाधिकारी (राजस्व) प्रगति रिपोर्ट टीए टू एमडी को भेजेंगे।