अजमेर के हाई सिक्योरिटी जेल में फिर मिला मोबाइल फोन
मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर
अजमेर। हाई सिक्योरिटी जेल में बंद हार्डकोर बंदी जेल में रहते मोबाइल फोन पर बाहर अपराधों को संचालित कर रहे हैं । यह बात हम नहीं कह रहे बल्कि जेल में लगातार मिल रहे अपराधियों के पास मोबाइल फोन चीख चीख कर कह रहे हैं। हाई सिक्योरिटी जेल में बंद हार्डकोर अपराधियों के पास से एक बार फिर मोबाइल फोन सिम कार्ड ईयर फोन और मोबाइल चार्जर मिला है । जिसके खिलाफ हाई सिक्योरिटी जेल के जेल प्रहरी द्वारा कारागृह अधिनियम की धारा 42 के तहत सिविल लाइन थाने पर मुकदमा दर्ज कराया गया है । जिस पर पुलिस तहकीकात में जुटी है।
जेल सूत्रों की माने तो हाई सिक्योरिटी जेल में दिनांक 27 अप्रैल को रात 10 बजे से लेकर 10:20 तक औचक तलाशी अभियान चलाया गया था । इस दौरान उच्च सुरक्षा जेल के वार्ड संख्या 1 के ब्लॉक 1 की कोटली संख्या एक में बंदी के पास से एक मोबाइल फोन , एक सिम कार्ड , एक चार्जर तथा ईयर फोन पाया गया है । जिस पर जेल प्रहरी विजय सिंह पुत्र सतवीर सिंह की शिकायत पर हाई सिक्योरिटी जेल में बंद बंदी दिलीप फोगा पुत्र पूर्णाराम तथा जितेंद्र सिंह पुत्र दरबार सिंह के पास से तलाशी के दौरान फोन पाया जाने पर उनके खिलाफ सिविल लाइन थाना पुलिस पर मुकदमा दर्ज कराया गया है । पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है।
गौरतलब है कि मोबाइल फोन तथा नशीले पदार्थ आदि जेल में ले जाना प्रतिबंधित है । इसके बावजूद वहां के कैदियों के पास मोबाइल फोन मिलना तथा नशीले पदार्थ पहुंचना आम बात हो गई है।