बात करते वक्त मोबाईल फोन हुआ ब्लास्ट, बाल-बाल बची जान
कोटपूतली, 30 अप्रैल 2024
कस्बे के लक्ष्मी नगर में रविवार रात्रि मोबाईल पर बात करते वक्त फोन ब्लास्ट हो गया। घटना में फोन पर बात कर रहे व्यक्ति की जान बाल-बाल बच गई। लक्ष्मी नगर निवासी ज्योति प्रकाश मोदी ने बताया कि वे फोन पर बात कर रहे थे कि अचानक फोन कट गया व मोबाईल से धुंआ उठने लगा। जिससे उन्होंने फोन को अलग रख दिया। इतनी ही देर में मोबाईल ब्लास्ट हो गया। मोदी ने बताया कि उक्त मोबाईल सैमसंग कम्पनी का मॉडल नं. एम 12 था जो कि उन्होंने वर्ष 2020 में खरीदा था। घटना के वक्त फोन 60 प्रतिशत चार्ज था। हालांकि उन्होंने सतर्कता बरतते हुये फोन को अलग रख दिया।
ब्लास्ट होने के बाद मोबाईल फोन में आग भी लग गई। यदि मोबाईल फोन तेजी से ब्लास्ट होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। उल्लेखनीय है कि इस तरह दुसरी जगह भी मोबाईल फोन ब्लास्ट होने की खबरें सामने आती रहती है। ओरिजनल चार्जर की जगह लोकल चार्जर इस्तेमाल करने से भी ऐसी घटनायें होती है इसके अलावा सूरज की रोशनी में फोन को रखकर चार्ज करने से हिटिंग होने की वजह से भी मोबाईल फोन के ब्लास्ट होने की घटनायें सामने आती रहती है। इसलिये फोन हीट होने पर उसका इस्तेमाल करना बंद कर देना चाहिये। अक्सर लोग फोन की बैट्री खराब होने पर भी सस्ती व लोकल बैट्री डलवा लेते है। जिससे इस तरह की घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। जानकारों का मानना है कि चार्जिंग के दौरान तापमान अधिक होता है, ऐसे में चार्जिंग के समय भी फोन के इस्तेमाल से बचना चाहिये।