गौशाला संचालक के खिलाफ कार्यवाही की मांग को लेकर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
पंडित पवन भारद्वाज मुण्डवार
मुण्डावर उपखण्ड क्षेत्र के गांव मुण्डनवाड़ा खुर्द के समीप साबी नदी बहाव क्षेत्र में स्थित बाबा खेतानाथ गौशाला संचालक व जिलाध्यक्ष गौशाला समिति रामनिवास थानेदार के खिलाफ कार्यवाही की मांग को लेकर बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने सरपंच प्रतिनिधि कैलाश शर्मा के नेतृत्व में एसडीएम पंकज बडगूजर को ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन में बताया कि गौशाला संचालक व जिलाध्यक्ष गौशाला समिति रामनिवास थानेदार द्वारा करीब 105 बीघा चरागाह भूमि को अपने चहेतों को लीज पर देकर व्यवसाय की खेती करवा रहा है। वहीं गौशाला में मरी हुई गायों की हड्डियों में खाल को गौशाला संचालक द्वारा बेचा जा रहा है जब इसकी शिकायत ग्रामीण करते हैं तो उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जाती है । ग्रामीणों ने कहा कि कुछ दिन पहले सरपंच प्रतिनिधि कैलाश शर्मा द्वारा भी इसकी शिकायत की गई तो उनके खिलाफ गौशाला संचालक द्वारा झूठा मुकदमा दायर किया गया।इस अवसर पर करनीकोट सरपंच प्रतिनिधि कैलाश शर्मा,सेडाराम,देवेंद्र पंच,मुकेश यादव,श्रवण सिंह शेखावत,भीमराज, ओमप्रकाश उपसरपंच सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। वहीं एसडीएम पंकज बडगूजर ने बताया कि करनीकोट सरपंच प्रतिनिधि कैलाश शर्मा के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीणों ने बाबा खेतानाथ गौशाला के संचालक व जिलाध्यक्ष गौशाला समिति के खिलाफ ज्ञापन सौंपा है।शीघ्र ही एक कमेटी गठित कर गौशाला की जांच कराई जाएगी एवं दोषियों के खिलाफ कठोर कार्यवाही की जाएगी।