लखीमपुर हिंसाः हिरासत में नहीं, गिरफ्तार हैं प्रियंका गांधी, पीएसी गेस्ट हाउस को बनाया गया अस्थायी जेल

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. उन्हें सीतापुर में पीएसी गेस्ट हाउस में ही गिरफ्तार करके रखा गया है. प्रियंका गांधी को सोमवार तड़के लखीमपुर के पास हरगांव में हिरासत में लिया गया था.

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में हुई हिंसा (Lakhimpuri Kheri Violence) के पीड़ितों से मिलने पहुंचीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi Vadra) अब हिरासत में नहीं हैं, बल्कि उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है. खबर है कि प्रियंका गांधी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है. प्रियंका गांधी को सीतापुर के पीएसी गेस्ट में गिरफ्तार करके रखा गया गया है.

रविवार को लखीमपुर खीरी में हिंसा भड़की थी और उसी रात प्रियंका लखनऊ पहुंच गई थीं. रात को ही प्रियंका लखीमपुर के लिए रवाना हो गई थीं और सोमवार तड़के उन्हें हरगांव में पुलिस ने उन्हें रोक दिया था. बताया जा रहा था कि प्रियंका को हिरासत में लिया गया है, लेकिन अब पता चला है कि उनके खिलाफ केस दर्ज किया गया है. 

जानकारी के मुताबिक, प्रियंका गांधी के खिलाफ धारा 151, 107 और 116 के तहत केस दर्ज किया गया है और इन्हीं धाराओं के तहत उन्हें गिरफ्तार किया गया है. प्रियंका सोमवार सुबह से ही पीएसी गेस्ट हाउस में हैं. इसी गेस्ट हाउस को अस्थायी जेल बना दिया गया है और प्रियंका को यहीं पर गिरफ्तार करके रखा गया है. जानकारी मिली है कि प्रियंका को 4 अक्टूबर की सुबह 4:30 बजे गिरफ्तार कर लिया गया था. 

हरगांव के एसएचओ ने इस मामले में चालानी रिपोर्ट भी मजिस्ट्रेट को भेज दी है. बताया जा रहा है कि एसडीएम खुद गेस्ट हाउस में जाकर इस मामले की सुनवाई करेंगे.

Author: admin

Comments (0)
Add Comment