समस्त मतदान केन्द्रों में तेज गर्मी (लू) से बचाव के लिए समुचित प्रबंध करने के निर्देश
मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर
अजमेर । मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को समस्त मतदान केंद्रों में तेज गर्मी (लू) से बचाव के समुचित प्रबंध करने के निर्देश दिए है। इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग की ओर से विस्तृत दिशा- निर्देश जारी किए गए हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने बताया कि मतदान केंद्रों में मतदाताओं के लिए शुद्ध पेयजल और बैठने के लिए छायादार स्थान एवं पर्याप्त कुर्सियों के साथ वरिष्ठ एवं दिव्यांग मतदाताओं के लिए एक प्रतीक्षा कक्ष की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए है। उन्होंने बताया कि वरिष्ठ एवं दिव्यांग मतदाताओं को मतदान केन्द्र तक लाने एवं वापस घर तक जाने के लिए यातायात की सुविधा भी मुहैया कराई जाएगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी गुप्ता ने सभी मतदान केंद्रों में मतदाताओं को धूप से बचाने के लिए शेड लगाने के निर्देश दिए हैं। उनके मुताबिक समस्त मतदान दलों के पास ओआरएस पैकेट और तेज गर्मी से बचाव के लिए ’क्या करें, क्या नहीं करें’ का पर्चा भी होना चाहिए ।