गोगामेड़ी में गोगाजी मेले में नवमी पर भी उमड़ी श्रद्धालुओं की अपार भीड़
–नियामत जमाला —
भादरा, 20 अगस्त /गोगामेड़ी में लोक देवता जाहरवीर गोगाजी महाराज के भाद्रपद महीने में पूरे एक माह चलने वाले मेले में प्रथम पक्ष की अष्टमी को दिन भर के बाद रात भर बनी रही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बाद शनिवार को नवमी पर भी गोगाजी का मेला परवान पर रहा और श्रद्धालुओं की अपार भीड़ बनी रही। गोगाजी मंदिर के आगे श्रद्धालुओं की लम्बी कतार आज भी लगी रही। इस बार प्रथम पक्ष के मेले में रेलगाड़ी,,बसों व अपने निजी वाहनों से उत्तरप्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखण्ड, दिल्ली, बिहार व हरियाणा राज्यों के पीले वस्त्रधारी श्रद्धालु भारी संख्या में पहुंचे और ढोल-नगाड़ों व डमरू, सारंगी के साथ नाचते-गाते गोरखनाथ की जय, वीर गोगाजी की जय, साचे दरबार की जय, बागड़ वाले बाबा जाहरवीर की जय के गगनभेदी जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बनाते हुए गोरखटीला व गोगाजी मंदिर में गोगाजी की समाधि पर धोक लगा कर मन्नते मांगी अनेक श्रद्धालु कनक दण्डवत करते, अपने शरीर पर छड़ी से वार करते एक समूह में निशान लेकर कतार में लगकर गोगाजी के दर्शन करने पहुंचे। इन श्रद्धालु गोगाभक्तों का जोश देखने लायक बन रहा है। मेले में श्रद्धालुओं द्वारा रात्रि समय में ढोल नगाड़ों के साथ गोगाजी के गीत गाते हुए रतजगा-जागरण भी लगाए जा रहे हैं । गोगामेड़ी मेला क्षेत्र में हर ओर चहल पहल है। ऐसा लगता हैं मानों एक नई आबादी बस गई हैं। मेला क्षेत्र में बाजार सजे हुए हैं, दुकानदार खुश हैं दुकानों पर खरीदारों की भीड़ है। मेले में पुलिस व प्रशासन सक्रियता से व्यवस्थाओं में लगा हुआ हैं।शनिवार को जहाँ श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला जारी था वहीं श्रद्धालु धोक लगाने के बाद लौट भी रहे थे।