भादरा: अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ उपशाखा ने विभिन्न मांगों को लेकर तीन दिवसीय क्रमिक धरना किया शुरू
-नियामत जमाला-
भादरा,1 दिसंबर / अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ के प्रांतीय आह्वान पर सरकार द्वारा कर्मचारियों के प्रति नकारात्मक विचारधारा, संवादहीनता एवं वादाखिलाफी के खिलाफ महासंघ की भादरा उपशाखा के सदस्य कार्मिकों ने बुधवार से यहाँ एस.डी.एम. कार्यालय भादरा के समक्ष तीन दिवसीय क्रमिक धरना संयोजक शिशपाल आर्य के नेतृत्व में शुरू किया व मांगों को लेकर मुख्य सचिव राजस्थान सरकार के नाम सम्बोधित ज्ञापन उपखंड कार्यालय पर नायब तहसीलदार को सौंपा। महासंघ उपशाखा का कहना है कि सरकार द्वारा अपने जन घोषणा पत्र में किए वादों को पूरा नहीं करने, कर्मचारियों से वार्ता नहीं करने व राज्य कर्मचारियों के प्रति नकारात्मक विचारधारा के कारण राज्य कर्मचारियों में सरकार के प्रति असंतोष व आक्रोश उत्पन्न हो रहा है। राज्य सरकार व अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के मध्य हुई सहमतियों व समझौतों की क्रियान्वित नहीं होने के कारण राज्य कर्मचारी सरकार के विरोध आंदोलन को विवश हुए हैं। आज पहले दिन रामकुमार महिया, शिशपाल आर्य, सत्यनारायण न्योल, ऋषि कुमार, राम सिंह (राजस्थान शिक्षक संघ प्रगतिशील)हवासिंह डूडी, कुलदीप गोदारा, विनोद फगेड़िया, गुलाब सिंह पूनियां(कृषि पर्यवेक्षक संघ)जयसिंह सेवदा, सरजीत स्वामी, खगेन्द्र मीना (ग्राम विकास अधिकारी संघ) सुरेश गोदारा, रामस्वरूप पूनियां, राजवीर हुड्डा,(पटवार संघ) भजनलाल चाहर (पशु चिकित्सा संघ) आदि कर्मचारी धरना पर बैठे।
फोटो -धरना देते महासंघ से जुड़े कार्मिक