अब किसान एक क्लिक पर जान सकते हैं
खेती, किसानी व पशुपालन से संबंधित समस्त जानकारी
मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने लांच किया राजकिसान सुविधा एप
कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन एवं कृषि विपणन का है एकीकृत प्लेटफॉर्म
मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर
अजमेर । अब प्रदेश के किसान और पशुपालक कृषि, उद्यानिकी और कृषि विपणन से संबंधित सम्पूर्ण जानकारी एक क्लिक पर ले सकते हैं। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने ‘‘राजकिसान सुविधा‘‘ एप लांच किया है। इस पर राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं खेती, किसानी, पशुपालन से संबंधित समस्त जानकारियां उपलब्ध हैं।
कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक बुद्धि प्रकाश पारीक ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने राजकिसान सुविधा एप लांच किया है। इस एप पर कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन एवं कृषि विपणन से सम्बंधित योजनाओं की सम्पूर्ण जानकारी उपलब्ध है। इस पर विभागीय योजनाओं में आवेदन करने व आवेदन पर प्रगति की अद्यतन जानकारी उपलब्ध हैं। वहीं किसानों द्वारा योजनान्र्तगत पात्रता की जाँच स्वयं के स्तर पर करने की सुविधा है।
उन्होंने बताया कि एप पर फसल बीमा योजना अन्तर्गत ओलावृष्टि, अतिवृष्टि जैसी आपदा से नुकसान होने पर खराबा सूचित करने की सुविधा, एकीकृत हेल्प डेस्क के माध्यम से कृषि पर्यवेक्षक, किसान कॉल सेंटर, फसल बीमा कंपनी के कॉल सेंटर या सरकार के संर्पक पोर्टल पर संपर्क की सुविधा, निकटतम कस्टम हायरिंग सेंटर व कृषि यंत्रों के किराए की जानकारी तथा कृषि यंत्र बुक करवाने की सुविधा भी दी गई है। इसी तरह किसानों के लिए एप पर ई-पुस्तकालय में कीट रोग प्रबंधन, कृषि योजना उन्नत कृषि विधियों तथा नवाचार सफलता संबंधी साहित्य एवं वीडियो की उपलब्धता भी है।
पारीक ने बताया कि एप पर मौसम संबंधी जानकारी, बीज उर्वरक और कीटनाशक विक्रेताओं की सूची, फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य, गोदामों की सूची, राज्य के कृषि और प्रसंस्करण खाद्य उत्पाद निर्यातकों की सूची मोबाइल नंबर सहित उपलब्ध है। कृषकों की सुविधा के लिए सामान्य प्रश्न उत्तर भी उपलब्ध करवाए गए है। राज किसान सुविधा ऎप गूगल प्ले स्टोर से या क्यूआर कोड स्कैन करके डाउनलोड कर सकते हैं।