अजगरा के माध्यमिक विद्यालय मे विधायक कोष से बने प्रार्थना स्थल की लोकार्पण पट्टिका में सरपंच का नाम नही लिखने पर ग्रामीणों में रोष
मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर
अजमेर । सरवाड के
निकटवर्ती ग्राम अजगरा में स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में विधायक कोष से निर्मित प्रार्थना स्थल की लोकार्पण पट्टिका में ग्राम पंचायत अजगरा के सरपंच का नाम अंकित नही होने से सरपंच सहित ग्रामीणों में रोष व्याप्त हो गया। इस सन्दर्भ में ग्राम पंचायत अजगरा के निर्वाचित सरपंच हरिराम शर्मा ने बताया कि ग्राम में स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में विधायक कोष से प्रार्थना स्थल का निर्माण करवाया गया तथा उक्त प्रार्थना स्थल का शुक्रवार को होने वाले लोकार्पण कार्यक्रम की पट्टिका में सरपंच का नाम नही लिखवाया गया । उक्त लोकार्पण पट्टिका में सरपंच का नाम नही लिखने पर जहाँ सरपंच हरिराम शर्मा ने गहरी नाराजगी प्रकट की वही ग्रामीणों ने भी रोष प्रकट किया। इस सन्दर्भ में विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती रजनी लखोटिया से पूछा गया तो उन्होंने बताया कि विभाग के उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार ही लोकार्पण पट्टिका में नाम लिखवाए गए है। उल्लेखनीय है कि निर्वाचित सरपंच ग्राम पंचायत क्षेत्र का प्रथम नागरिक होता है और राजनीति के चलते लोकार्पण पट्टिका में सरपंच का नाम नही लिखने का मामला ग्रामीणों को नागवार गुजर रहा है।