अजमेर के लिए 58 करोड़ रूपए के विकास कार्यों का शिलान्यास व लोकार्पण

मुकेश वैष्णव/दिव्यांग जगत/अजमेर

वर्तमान सरकार के तीन वर्ष

अजमेर के लिए 58 करोड़ रूपए के विकास कार्यों का शिलान्यास व लोकार्पण
मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने दी सौगातें
अजमेर। वर्तमान सरकार के तीन वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर रविवार को मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने 58.90 करोड़ के 65 कार्यों की सौगातें वीसी के माध्यम से अजमेर को दी।
मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने वर्तमान सरकार के तीन वर्ष पूर्ण होने पर अजमेर जिले के विकास कार्यों का वीसी के माध्यम से शिलान्यास व लोकार्पण किया। जिला कलक्टर श्री प्रकाश राजपुरोेहित ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा 58.90 करोड़ के कार्यों की सौगात अजमेर जिले को दी गई। उन्होंने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के देवनारायण बालक आवासीय विद्यालय मसूदा का शिलान्यास किया। इस पर 27 करोड़ 63 लाख की लागत आएगी। इसके माध्यम से 280 छात्र लाभान्वित होंगे।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा विभिन्न विभागों के 64 कार्यों का लोकार्पण किया गया। इनमें शिक्षा विभाग के 17 कार्य शमिल है। राजकीय विद्यालयों को महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम में रूपान्तरित करने का शुभारम्भ किया। रविवार को बोराज, सराधना चिकित्सालय के पास, जेठाना, करेकडी पुराना बस स्टैण्ड, गगवाना, देरांठू, सुरसुरा, जूनिया, नून्द्री मेहन्द्रातान, खातोली नसीराबाद, फतेहपुरिया दोयम, केन्द्रीय स्कूल पुष्कर, बडलिया एवं बान्दनवाडा के विद्यालयों को महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में रूपान्तरित किया गया। इसी प्रकार कालेडा कंवर जी केकडी, देलवाडा जवाजा तथा अंसरी श्रीनगर के विद्यालयों में आईटीसी कम्प्यूटर लैब की स्थापना की गई। इस कार्य पर 19 लाख रूपए की लागत आई।
उन्होंने बताया कि जिले को 2 नव निर्मित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों की सौगात मिली। टांटोटी में 675.57 लाख तथा नसीराबाद में 597.57 लाख रूपए से निर्मित आईटीआई का लोकर्पण किया गया। इनका निर्माण रूडसिको के माध्यम से करवाया गया था।
जिले में चिकित्सा के क्षेत्र में भी मुख्यमंत्री द्वारा 16 करोड़ से अधिक राशि के 14 कार्यों का लोकार्पण किया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मसूदा में 160 एलपीएम, उप जिला चिकित्सालय नसीराबाद में 500 एलपीएम, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पीसांगन में 160 एलपीएम, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र टांटोटी में 160 एलपीएम, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बिजयनगर में 160 एलपीएम तथा जेएलएन चिकित्सालय के पीडियाट्रिक वार्ड में 750 एलपीएम, आइसोलेशन में 450 एलपीएम एवं कार्डियोलोजी में 450 एलपीएम क्षमता के ऑक्सीजन प्लांट का लोकार्पण किया गया। महिला चिकित्सालय अजमेर में 307 लाख रूपए के 20 बेडेड एनआईसीयू तथा जेएलएन चिकित्सालय में 175 लाख रूपए के मोर्चरी का भी लोकार्पण हुआ। इसी प्रकार टर्नकी आधारित 10 बेड के आईसीयू का लोकार्पण केकड़ी जिला चिकित्सालय के लिए किया गया।
पुलिस अधीक्षक श्री विकास शर्मा ने बताया कि जिले के 31 पुलिस थानों में 2 करोड़ 32 लाख की लागत से स्वागत कक्ष निर्मित किए गए थे। इनका लोकार्पण मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत द्वारा किया गया। इन स्वागत कक्षों का उपयोग आगुन्तकों के लिए होगा। पुलिस थाना कोतवाली, क्रिश्चियनगंज, सिविल लाईन, महिला थाना, आदर्श नगर, क्लॉक टावर, रामगंज, गंज, पुष्कर, पीसांगन, मांगलियावास, नसीराबाद सिटी, नसीराबाद सदर, श्रीनगर, बिजयनगर, ब्यावर सिटी, ब्यावर सदर, टॉडगढ, बांदरसिंदरी, अरांई, रूपनगढ, बोराडा, सावर, भिनाय, सरवाड़, अलवर गेट, दरगाह, गेगल, किशनगढ़ सिटी, जवाजा एवं गांधी नगर के स्वागत कक्षों का लोकार्पण होने से आगुन्तकों को सुविधा मिलेगी।
कलेक्ट्रेट स्थित वीसी रूम में अतिरिक्त संभागीय आयुक्त श्री गजेन्द्र सिंह, अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री कैलाश चन्द्र शर्मा, जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री मुरारी लाल वर्मा, उपखण्ड अधिकारी श्री महावीर सिंह, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. के.के. सोनी, जेएलएन हॉस्पीटल के अधीक्षक डॉ. अनिल जैन, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता श्री राजीव कुमार तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उप निदेशक श्री प्रफुल्ल चन्द्र चौबीसा सहित अधिकारी उपस्थित थे।

Author: admin

Comments (0)
Add Comment